अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन 25 नवंबर को सीएम हेमंत सोरेन की सरकार ने मतदाता सूची के SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ सदन में राजकीय संकल्प पेश किया है। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार की ओर से यह प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव में मांग की गई है कि राज्य में वर्तमान स्वरूप में चल रही SIR की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाए। सरकार का कहना है कि मौजूदा नियमों के कारण बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ चर्चा के बाद नए सिरे से यह प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।
2.64 करोड़ वोटर्स में से 38 फीसदी पर संकट का दावा
सरकार की ओर से पेश राजकीय संकल्प में SIR के पहले चरण के आंकड़ों का हवाला देते हुए गंभीर चिंता जताई गई है। प्रस्ताव के अनुसार, झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से प्रारूप मतदाता सूची में केवल 2.21 करोड़ लोगों के नाम ही प्रकाशित हो सके। इस तरह करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए हैं। सरकार ने यह भी दावा किया है कि प्रारूप सूची में शामिल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 27 प्रतिशत लोगों को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस थमाया गया है। इनमें 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी, उम्र में अंतर और उत्तराधिकारियों की संख्या जैसी तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार का मानना है कि राज्य के कुल मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक या तो सूची से बाहर हैं या उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
आदिवासी, प्रवासी मजदूर और महिलाओं की मुश्किलें उठाईं
राजकीय संकल्प में राज्य सरकार ने झारखंड की सामाजिक और शैक्षणिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा है कि आदिवासी बहुल राज्य होने के कारण यहां कई व्यावहारिक चुनौतियां हैं। विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूह के लोगों के लिए पुराने दस्तावेज जुटाना कठिन है। शिक्षा और जागरूकता की कमी के चलते पहले कई लोगों की जन्मतिथि सही दर्ज नहीं हो पाई थी, जिसे अब विसंगति बताकर उन्हें संदेहास्पद श्रेणी में डाला जा रहा है। इसके अलावा, दिल्ली, मुंबई और सूरत जैसे शहरों में काम करने वाले लाखों प्रवासी मजदूरों के लिए गणना प्रपत्र भरने हेतु गांव लौटना आसान नहीं है। घर पर किसी के न होने से उनका नाम कटने का खतरा है। प्रस्ताव में 1987 से पहले जन्मे बुजुर्गों से माता-पिता के दस्तावेज मांगने, शादी के बाद दूसरे गांव गई महिलाओं के दस्तावेजों में नाम के अंतर और आधार, राशन कार्ड व खतियान को मान्य दस्तावेज न मानने पर भी सवाल उठाए गए हैं।
मौजूदा प्रक्रिया रोककर सर्वमान्य SOP बनाने की मांग
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसे मतदाता सूची के पुनरीक्षण से सैद्धांतिक रूप से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे कोई भी योग्य नागरिक मताधिकार से वंचित न हो। सरकार ने मांग रखी है कि वर्तमान SIR प्रक्रिया पर रोक लगाकर इसके स्वरूप में बदलाव किया जाए और सभी राजनीतिक दलों की सहमति से एक सरल और पारदर्शी एसओपी तैयार करने के बाद ही इसे दोबारा शुरू किया जाए। अपने पक्ष को मजबूत करने के लिए सरकार ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण भी दिया, जहां 90 लाख से अधिक नाम कटने के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बने ट्रिब्यूनल में 38 लाख से ज्यादा अपीलें पहुंची थीं। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश उज्ज्वल भुईयां की उस टिप्पणी का भी हवाला दिया गया है, जिसमें उन्होंने लाखों नागरिकों को मताधिकार से वंचित करने वाली प्रक्रिया को संविधान के मूल सिद्धांतों के खिलाफ बताया था। सरकार ने 23 नवंबर 2026 को संकल्प संख्या 1271 के जरिए लिए गए इस निर्णय को सदन में चर्चा के बाद सक्षम प्राधिकार को भेजने का प्रस्ताव रखा है।
इसे भी पढ़ें : रांची से पीछा, भुरकुंडा से अगवा और गुमला में धुनाई… 24 घंटे में किडनैपिंग का खुलासा




