अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : छठ और दिवाली की छुट्टियां खत्म होते ही बिहार के रेलवे स्टेशनों पर दिखने वाला वो दर्दनाक मंजर हर किसी की आंखें नम कर देता है। कंधे पर भारी बैग टांगे, बूढ़े मां-बाप के पैर छूकर, रोती हुई पत्नी और बच्चों को पीछे छोड़कर परदेश की ट्रेन पकड़ते हजारों युवा। दशकों से यही बिहार की नियति मान ली गई थी। लेकिन अब इस तस्वीर में उम्मीद के नए रंग भरने लगे हैं। बिहार की धरती पर अब बड़े उद्योगों की चिमनियां सिर्फ धुआं नहीं उगलेंगी, बल्कि हजारों परिवारों के बिछड़ने के दर्द पर मरहम भी लगाएंगी। ये चिमनियां अब उम्मीद की नई इबारत लिख रही हैं। BIADA यानी बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि राज्य में उद्योग लगाने की बातें अब सिर्फ कागजों या नेताओं के भाषणों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीन पर ईंट से ईंट जुड़नी शुरू हो गई है। प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में 40 बड़ी इकाइयां लगने जा रही हैं, जिनमें करीब 21,600 करोड़ रुपये का भारी निवेश हो रहा है। इस बदलाव से राज्य के लगभग 23,000 युवाओं को अपने ही घर और परिवार के बीच रहकर काम करने का मौका मिलेगा।

17 जिलों के गांव-कस्बों में लौट रही रौनक, दिग्गज कंपनियों ने बढ़ाया हाथ
इस औद्योगिक बदलाव की सबसे सुकून देने वाली बात यह है कि विकास की यह रोशनी केवल राजधानी पटना तक सिमट कर नहीं रह गई है, बल्कि प्रदेश के 17 जिलों के गांव और कस्बों तक पहुंच रही है। BIADA के क्षेत्रों से बाहर भी 19 बड़ी कंपनियां या तो उत्पादन शुरू कर चुकी हैं या फिर निर्माण के अंतिम चरण में हैं। मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, भागलपुर, मधुबनी, पूर्णिया, बक्सर, नवादा, मुंगेर, खगड़िया, गोपालगंज, समस्तीपुर, बांका, अररिया, वैशाली, पश्चिम चंपारण और कैमूर जैसे जिलों में अब खेतों के पास ही कारखानों की गूंज सुनाई देने लगी है। देश के बड़े औद्योगिक घरानों ने बिहार की मेहनत पर भरोसा जताया है। सीमेंट के क्षेत्र में अंबुजा सीमेंट नवादा और मुजफ्फरपुर में, अल्ट्राटेक बांका और भागलपुर में और जेके लक्ष्मी सीमेंट मधुबनी में अपने बड़े प्लांट लगा रही है। वहीं बिजली के क्षेत्र में भागलपुर के पीरपैंती में अदाणी पावर का थर्मल पावर प्लांट बन रहा है। इस एक प्रोजेक्ट से निर्माण के दौरान करीब 8,100 मजदूरों और कारीगरों को काम मिलेगा, जबकि प्लांट चालू होने के बाद 2,300 लोगों की स्थायी नौकरी पक्की हो जाएगी। इसके साथ ही पटना में Ctrls और भारती एयरटेल के डेटा सेंटर बन रहे हैं, जिससे इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले बिहार के युवाओं को बेंगलुरु या हैदराबाद जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्लास्टिक और पाइप उद्योग में भी सुप्रीम इंडस्ट्रीज और प्रिंस पाइप्स जैसी कंपनियां बड़ा निवेश कर रही हैं।

खेत की उपज सीधे पहुंचेगी फैक्ट्री, किसानों के चेहरे पर लौटेगी मुस्कान
बिहार की असली जान यहां की उपजाऊ मिट्टी और दिन-रात पसीना बहाने वाले किसान हैं। कई बार अच्छी फसल होने के बावजूद सही बाजार न मिलने से किसान मायूस हो जाते थे, लेकिन अब खेती को सीधे फैक्ट्री से जोड़ा जा रहा है। अकेले BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों में फूड प्रोसेसिंग की 13 बड़ी इकाइयां लग रही हैं। हल्दीराम, मदर डेयरी, आईटीसी, वरुण बेवरेजेस और अमूल से जुड़ी कैरा मिल्क यूनियन जैसी देश की जानी-मानी कंपनियां बिहार के किसानों की उपज को सीधे खरीदने और प्रोसेस करने के लिए अपने प्लांट लगा रही हैं। खगड़िया में मक्का क्लस्टर और स्टार्च बनाने की इकाई लग रही है, तो अररिया में आटा, मैदा और मखाना मिल तैयार हो रही है। मुंगेर में डेयरी प्लांट तथा पटना और बिहटा में नमकीन, बिस्कुट और कोल्ड ड्रिंक्स की फैक्ट्रियां लग रही हैं। इसका सीधा मतलब है कि अब किसान को अपनी फसल बेचने के लिए बिचौलियों के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा, बल्कि गांव के पास ही उसे अपनी मेहनत की पूरी कीमत मिलेगी। दूसरी तरफ, स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी बिहार नई कहानी लिख रहा है। मुजफ्फरपुर, बक्सर, बेगूसराय और गोपालगंज में इथेनॉल प्लांट लग रहे हैं, जबकि मधुबनी, मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) की परियोजनाएं शुरू हो रही हैं। हथुआ में भारत पेट्रोलियम का एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, मधुबनी में रिलायंस की बायोगैस परियोजना और HPCL रिन्यूएबल के प्रोजेक्ट्स से खेतों के कचरे और पराली का भी सही उपयोग होगा, जिससे किसानों की जेब में अतिरिक्त पैसा आएगा।

नौ क्लस्टरों से हर इलाके को जोड़ने की कोशिश, घर के पास मिलेगी नौकरी
सरकार की कोशिश है कि मिथिलांचल, कोसी-सीमांचल, मगध और भोजपुर समेत बिहार के किसी भी कोने के युवा को पेट पालने के लिए अपना घर न छोड़ना पड़े। इसी मकसद से पूरे राज्य को पटना, बिहटा, हाजीपुर, मोतीपुर, दरभंगा, बेगूसराय, पूर्णिया, गया और भागलपुर समेत नौ औद्योगिक क्लस्टरों में बांटा गया है। इन इलाकों में सिर्फ पारंपरिक उद्योग ही नहीं, बल्कि बदलते वक्त के हिसाब से आधुनिक कारखाने भी लग रहे हैं। पंडौल में कपड़ा उद्योग को नई जान मिल रही है, तो बरियारपुर में सोलर मॉड्यूल बनाए जाएंगे। सिकंदरपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स और बायोसेंसर की इकाइयां लग रही हैं, वहीं सामान की ढुलाई को आसान बनाने के लिए भागलपुर और हाजीपुर में लॉजिस्टिक्स पार्क बनाए जा रहे हैं। मधुबनी में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग पार्क की भी योजना है।
जमीन पर उतरते सपने, बदल रही बिहार की पहचान
हजारों करोड़ रुपये का निवेश कोई भी कंपनी सिर्फ भरोसे के दम पर ही करती है। जमीन, बिजली, सड़क और बेहतर नीतियों के कारण आज देश के बड़े उद्योगपति बिहार की ओर रुख कर रहे हैं। कई इकाइयों को जमीन मिलने के बाद वहां उत्पादन शुरू भी हो चुका है, जबकि दर्जनों प्रोजेक्ट्स का काम तेजी से चल रहा है। बिहार अब केवल संभावनाओं वाला राज्य कहलाने के दौर से बाहर निकलकर उन सपनों को हकीकत में बदल रहा है। 21,600 करोड़ का यह निवेश सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह उन हजारों मां-बाप की आंखों की चमक है, जिनके बच्चे अब त्योहारों के बाद वापस परदेश जाने के लिए बैग नहीं बांधेंगे, बल्कि अपने ही गांव-शहर में रहकर परिवार का सहारा बनेंगे।
इसे भी पढ़ें : सीएम के विजन और बियाडा की रफ्तार से बिहार में औद्योगिक क्रांति, घर में मिलेगा रोजगार





