अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : रामगढ़ के चितरपुर स्थित काली चौक के पास गुरुवार भोरे-भोर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य यात्री बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। हादसा सुबह के वक्त उस समय हुआ, जब सवारियों से भरी एक टाटा मैजिक गोला की ओर से रामगढ़ की तरफ जा रही थी। इसी दौरान काली चौक के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोग इसकी चपेट में आ गए। सुबह के सन्नाटे में जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के घरों से ग्रामीण बाहर निकल आए। घटनास्थल पर घायलों की चीख-पुकार मची हुई थी। ग्रामीणों ने बिना देरी किए और पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवाया गया।
रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम
हादसे में घायल हुए लोगों को जब सदर अस्पताल पहुंचाया गया, तो उनमें से दो यात्रियों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने सभी घायलों का तुरंत उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक गोला क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, हादसे में जख्मी हुए अन्य चार लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
रजरप्पा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम और रजरप्पा थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद दुर्घटना में शामिल हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया है। रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और सभी सवारियों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा कोहरे, तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही के कारण हुआ। सुबह-सुबह हुई इस दर्दनाक घटना के बाद चितरपुर और मृतकों के गांव गोला में शोक की लहर दौड़ गई है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने MMDR संशोधन के खिलाफ पेश किया संकल्प, क्या बोले… जानें





