अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे और अंतिम दिन गुरुवार को सदन में बड़ा सियासी और आर्थिक मुद्दा गूंजा। सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार की ओर से माइंस एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन यानी MMDR अमेंडमेंट एक्ट 2026 में किए गए बदलावों के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया। खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी मंत्री के तौर पर प्रस्ताव रखते हुए सीएम ने कहा कि केंद्र के इस नए संशोधन से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का सीधा नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने सदन से आग्रह किया कि विशेष चर्चा के बाद इस संकल्प को पारित कर केंद्र सरकार के पास भेजा जाए, ताकि केंद्र अपने इस फैसले पर पुनर्विचार करे और संशोधन को तुरंत वापस ले।
MMDR एक्ट संशोधन से राज्यों के अधिकार सीमित होने का आरोप
सदन में अपनी बात रखते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि नए संशोधन के जरिए खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर सेस लगाने की राज्य सरकारों की शक्तियों को सीमित कर दिया गया है। अब राज्य सरकारें केंद्र की तय शर्तों के बिना किसी तरह का सेस नहीं लगा सकेंगी। सीएम ने चिंता जताई कि झारखंड जैसे खनिज संपदा वाले राज्य के लिए 13 हजार करोड़ रुपये की सालाना चपत बहुत बड़ी है। इसका सीधा असर राज्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि खनिज से मिलने वाले पैसे का एक बड़ा हिस्सा खनन प्रभावित इलाकों में रहने वाले आदिवासियों, दलितों और पिछड़े वर्गों के उत्थान पर खर्च होता है। राजस्व रुकने से इन वंचित वर्गों का विकास और उनके हित बुरी तरह प्रभावित होंगे।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले और राज्य के कानून का दिया हवाला
सीएम ने अपने संकल्प में जुलाई 2024 में आए सुप्रीम कोर्ट की नौ जजों की संविधान पीठ के ऐतिहासिक फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने सदन को याद दिलाया कि मिनरल्स एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टेट ऑफ इंडिया लिमिटेड मामले में शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि संविधान की सातवीं अनुसूची के तहत राज्यों को खनिज युक्त भूमि पर सेस लगाने का पूरा हक है। इसी आदेश के बाद राज्य सरकार ने विधानसभा से झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक 2024 पारित कराया था, जिससे सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये की आमदनी हो रही थी। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने नया संशोधन लाकर राज्य के इसी संवैधानिक अधिकार पर कैंची चला दी है।
विशेष चर्चा के बाद संकल्प पारित कर केंद्र को भेजने की तैयारी
सीएम हेमंत सोरेन ने सदन से अपील की कि राज्य सरकार के संकल्प संख्या 2671, दिनांक 23 नवंबर 2026 को विशेष चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया जाए। इसे केंद्र सरकार को भेजकर MMDR एक्ट में किए गए संशोधन को वापस लेने की मांग की जाएगी। गौरतलब है कि दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार 25 नवंबर को भी राज्य सरकार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे पर राजकीय संकल्प पेश किया था। उस दौरान भी सीएम ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नए सिरे से और नए एसओपी के साथ प्रक्रिया पूरी कराने का आग्रह किया था।
इसे भी पढ़ें : ललपनिया की वादियों से सीएम हेमंत का संदेश- अपने हक के लिए एकजुट हो समाज





