अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम में विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटने के बाद सीएम योगी ने सपा के 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर सवाल खड़े किए। सीएम योगी ने कहा कि 30 लाख नौकरियां देने की बात करने वाले अखिलेश यादव पहले यह बताएं कि सपा की चार बार की सरकार में कितने युवाओं को नौकरी मिली थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में जिस तेजी से नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं, सैफई सिंडिकेट उसकी गिनती भी नहीं कर पाएगा, क्योंकि उन्हें सिर्फ नोट गिनना आता है। सीएम ने अखिलेश यादव को चुनौती दी कि अगर गिनती आती हो तो गिन लें, उनकी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख नियुक्ति पत्र दे चुकी है। सीएम योगी ने कहा कि यूपी की जनता आपका अतीत जानती है, और जब पास्ट अच्छा नहीं रहा तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं हो सकता।
सपा-बसपा के सात कार्यकालों से दोगुनी नौकरियां और वसूली के आरोप
विपक्षी दलों के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने दावा किया कि सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकालों को मिला भी दिया जाए, तो उससे दोगुने से अधिक नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में बांटे हैं। उन्होंने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौर में नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। सीएम ने कहा कि पहले परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति किसी और को मिलती थी, जो फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस जैसा हाल था। उन्होंने 2015-16 की पीसीएस परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि हाईस्कूल, इंटर और ग्रेजुएशन में थर्ड डिवीजन पास होने वाले को पीसीएस में टॉप करवाकर एसडीएम बना दिया गया था। सीएम ने बताया कि आज बिना किसी सिफारिश या लेनदेन के पारदर्शी तरीके से भर्तियां हो रही हैं और अगले सप्ताह करीब 50 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें 8 हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं।
पुरानी पेंशन योजना और गोमती रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट पर घेरा
सीएम योगी ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की मांग को लेकर भी सपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस देने की बात करता है, लेकिन पहले यह बताए कि 2005 में न्यू पेंशन स्कीम (NPS) किसने लागू की थी। सीएम ने आरोप लगाया कि 2005 से 2017 तक कर्मचारियों के न तो खाते खोले गए और न ही सरकार ने अपना हिस्सा जमा किया, जिसे उनकी सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये का बजट देकर सुधारा और अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया। इसके अलावा उन्होंने सपा सरकार के समय हुए निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए गोमती रिवरफ्रंट और जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) का जिक्र किया। सीएम ने कहा कि 167 करोड़ रुपये के बजट वाले गोमती रिवरफ्रंट पर 1400 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी काम अधूरा रहा, और लूट का पैसा विदेशों में संपत्ति बनाने में लगाया गया। इसी तरह 200 करोड़ की डीपीआर वाले जेपीएनआईसी पर 800 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
अर्थव्यवस्था में सुधार और नए रोजगार के अवसरों का दावा
सीएम योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा और बम बनाने से होती थी, लेकिन आज यूपी का युवा ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल बना रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था साढ़े बारह लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। कार्यक्रम में सीएम ने लखीमपुर खीरी के थारू जनजाति के युवक, बलिया और रायबरेली की बेटियों सहित विभिन्न जिलों के नवचयनित 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विपक्ष का पलटवार और रोजगार पर रुख
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और विपक्ष के अन्य नेता सरकार के रोजगार और निवेश से जुड़े आंकड़ों पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। सपा का आरोप है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई बड़ी भर्तियों के पेपर लीक हुए हैं और लाखों पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। अखिलेश यादव अपनी सभाओं में प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरी देने और भर्ती प्रक्रिया में सुधार करने का वादा करते रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : सीएम योगी ने 1594 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, अगले हफ्ते 50 हजार को नौकरी का ऐलान







