अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Patna : झारखंड के रामगढ़ जिले में बीती देर रात हुए एक भयानक सड़क हादसे में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना दुख जाहिर करते हुए कहा कि रामगढ़ में हुई इस भीषण दुर्घटना में नालंदा के 13 लोगों की असमय मौत की खबर बेहद दुखद और कलेजा चीर देने वाली है।
सीएम सम्राट चौधरी ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए लिखा कि इस अपार दुख की घड़ी में पूरी बिहार सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। साथ ही, इस हादसे में इकलौते बचे घायल व्यक्ति के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
झारखंड के रामगढ़ में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।
शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। इस अपार दुःख की घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना में घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) November 29, 2026
नौकरी की खुशी में पूजा करने जा रहा था पूरा परिवार, एक झटके में उजड़ गया वंश
इस एक हादसे ने नालंदा जिले के जंघारो गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मरने वालों में चार मासूम बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। दरअसल, गांव के ‘मां सरस्वती विद्या मंदिर’ स्कूल के डायरेक्टर विवेकानंद की पत्नी अमृता की हाल ही में सरकारी टीचर की नौकरी लगी थी। इसी खुशी में पूरा परिवार और रिश्तेदार झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
हंसी-खुशी घर से निकले इस परिवार को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। इस हादसे में डायरेक्टर विवेकानंद, उनकी पत्नी अमृता, उनकी मां, दो बेटे और एक बेटी समेत पूरा परिवार खत्म हो गया। इनके अलावा उनके तीन मौसेरे भाई, मौसेरी बहन, बहन का परिवार, स्कूल की देखरेख करने वाले और ड्राइवर की भी जान चली गई। गांव में हर तरफ चीख-पुकार मची है। विवेकानंद की मामी फूला देवी रोते हुए कहती हैं कि इस एक हादसे ने पूरा का पूरा वंश ही खत्म कर दिया। वहीं, मृतक राजू की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को जाने से मना भी किया था, लेकिन विवेकानंद के कहने पर वह साथ चला गया और सुबह चार बजे उसकी मौत की खबर आई।
रात के सन्नाटे में हुआ भयानक हादसा, बुरी तरह पिचक गई स्कॉर्पियो
यह दर्दनाक हादसा रांची-पटना नेशनल हाईवे-33 (NH-33) पर रामगढ़ के पैंकी गांव के पास रात करीब दो बजे हुआ। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। रात के सन्नाटे के बीच तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की किसी अज्ञात भारी वाहन से इतनी जोरदार टक्कर हुई कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह पिचक कर सड़क किनारे जा खिसकी।
धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। गाड़ी के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर गांव वालों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को खबर दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस भयावह दुर्घटना में 13 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि सिर्फ एक शख्स की जान बच पाई है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
इसे भी पढ़ें : पत्नी की सरकारी नौकरी लगने की खुशी में जा रहे थे रजरप्पा, रास्ते में उजड़ गया पूरा वंश








