अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : नालंदा के जंघारो गांव में शनिवार की शाम तक जश्न का माहौल था। घर की बहू अमृता की सरकारी टीचर की नौकरी लगी थी। परिवार की इस बड़ी कामयाबी पर सबने तय किया कि वे झारखंड के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर जाकर माथा टेकेंगे और भगवान का शुक्रिया अदा करेंगे। लेकिन किसी को क्या पता था कि खुशियों की यह यात्रा परिवार के लिए आखिरी सफर साबित होगी। शनिवार देर रात करीब दो बजे रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रामगढ़ के पैंकी गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इस हंसते-खेलते परिवार की सारी खुशियां छीन ली। एक ही झटके में चार मासूम बच्चों समेत 13 लोगों की सांसें थम गईं।
एक ही झटके में उजड़ गया पूरा संसार, गांव में पसरा सन्नाटा
इस दर्दनाक हादसे ने जंघारो गांव के मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के डायरेक्टर विवेकानंद के पूरे वंश को ही खत्म कर दिया। स्कॉर्पियो में विवेकानंद, उनकी शिक्षिका पत्नी अमृता, उनकी मां, दो बेटे और एक बेटी सवार थे। उनके साथ उनके तीन मौसेरे भाई, मौसेरी बहन, बहन का परिवार, स्कूल की देखरेख करने वाला कर्मचारी और ड्राइवर भी मौजूद थे। कुल 14 लोगों से भरी यह गाड़ी जब पैंकी गांव के पास पहुंची, तो तेज रफ्तार के बीच किसी भारी वाहन से इसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, लेकिन रात के सन्नाटे में मदद पहुंचने से पहले ही 13 जिंदगियां दम तोड़ चुकी थीं। गाड़ी में सवार सिर्फ एक व्यक्ति ही मौत के मुंह से बचकर निकल पाया, जो फिलहाल रामगढ़ सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मां ने बेटे को जाने से रोका था, सुबह चार बजे आई मनहूस खबर
जंघारो गांव की गलियों में अब सिर्फ सिसकियां और चीखें सुनाई दे रही हैं। मृतक विवेकानंद की मामी फूला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कह रही हैं कि सब लोग कितनी खुशी से पूजा करने निकले थे, एक पल में पूरा परिवार खत्म हो गया। इस हादसे ने एक ऐसी मां की गोद भी सूनी कर दी, जिसे शायद किसी अनहोनी का पहले ही अंदेशा हो गया था। हादसे में जान गंवाने वाले राजू की मां ने रोते हुए बताया कि उन्होंने अपने बेटे को साथ जाने से बहुत मना किया था। लेकिन विवेकानंद के आग्रह पर राजू ने अपनी मां की बात टाल दी और उनके साथ रजरप्पा जाने के लिए तैयार हो गया। मां रात भर बेटे की सलामती की दुआ करती रही, लेकिन सुबह ठीक चार बजे फोन की घंटी बजी और उन्हें इस मनहूस हादसे की खबर मिली।

ग्रामीणों ने दिखाई इंसानियत, पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
रात के दो बजे जब पैंकी गांव के पास जोरदार धमाके की आवाज गूंजी, तो आसपास के ग्रामीण तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। सड़क किनारे पिचकी हुई स्कॉर्पियो और उसमें फंसे लोगों को देखकर ग्रामीणों का कलेजा कांप गया। उन्होंने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के डीसी, एसपी और एसडीपीओ आलोक रंजन खुद मौके पर और सदर अस्पताल पहुंचे। वहीं, इस हृदयविदारक घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
इसे भी पढ़ें : अदम्य साहस के लिये नवाजे गये रामगढ़ के दो सब इंस्पेक्टर, सीएम हेमंत ने दिया वीरता पदक








