अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
लातेहार। चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सासंग गांव के निकट एनएच- 39 पर शनिवार सुबह यात्री बस और मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिनेश भुइयां (29) और शिव भुइयां (4) के रूप में की जा रही है। मृतक चंदवा थाना क्षेत्र के रखात गांव के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार दिनेश भुइयां लातेहार स्थित अपने ससुराल से अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान चंदवा थाना क्षेत्र के सासंग गांव के पास सामने से आ रहे उपाध्याय नामक यात्री बस में मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही मोटरसाइकिल पर सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ी। हालांकि तब तक यात्री बस का चालक वहां से फरार हो गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी चंदवा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।

