अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण (2025-26) में राजधानी पटना ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। शहर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ का सम्मान मिला है। इस उपलब्धि पर सीएम सम्राट चौधरी ने खुशी जताते हुए इसे पूरे बिहार के लिए गौरव का पल बताया। उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पटना को यह सम्मान मिलना बेहद खास और गर्व से भरा है।
पीएम के मार्गदर्शन और केंद्र के सहयोग से बदल रही तस्वीर
सीएम ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पीएम के मार्गदर्शन में बिहार विकास, साफ-सफाई और शहरी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार के साथ मिलकर राज्य में बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े कामों को रफ्तार दी जा रही है।
स्वच्छता कर्मियों की मेहनत और जनता की भागीदारी का नतीजा
सीएम ने पटना को मिले इस खिताब का श्रेय शहर के लोगों, पटना नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों और सबसे ज्यादा सफाई कर्मियों को दिया। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह कामयाबी किसी एक की नहीं, बल्कि सबकी मेहनत, जागरूकता और मिल-जुलकर किए गए काम का नतीजा है। दिन-रात शहर को साफ रखने में जुटे स्वच्छता कर्मियों का पसीना ही आज इस सम्मान की वजह बना है।
बाकी शहरों के लिए भी प्रेरणा बनेगा पटना
सीएम ने आगे कहा कि स्वच्छता सिर्फ दिखावे का काम नहीं है, बल्कि एक अच्छे और स्वस्थ समाज की नींव है। राज्य सरकार बिहार के हर छोटे-बड़े शहर को साफ, सुंदर, आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके लिए नगर निगमों और नगर परिषदों को ज्यादा साधन दिए जा रहे हैं और आम लोगों को भी इस मुहिम से जोड़ा जा रहा है। सीएम ने भरोसा जताया कि पटना की यह जीत राज्य के बाकी शहरों को भी आगे बढ़ने का हौसला देगी और पूरा बिहार स्वच्छता के मामले में नई पहचान बनाएगा।
इसे भी पढ़ें : सम्राट कैबिनेट का ‘सुपर 31’ : DA 3% बढ़ा, बेटियों की पढ़ाई से लेकर गंगा पुल तक खुला खजाना


