अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : जम्मू कश्मीर के पहलगाम में गुजरे 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश-दुनिया का गुस्सा उबाल पर है। इस घटना के बाद केंद्र सरकार ने सख्त आदेश जारी करते हुए भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के निर्देश दिए हैं। झारखंड में भी कुछ पाकिस्तानी नागरिकों के रहने की जानकारी सामने आई है, लेकिन प्रशासन अभी तक उन्हें बाहर नहीं निकाल पाई है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा ने सोमवार को राजधानी रांची में ‘पाकिस्तानी भारत छोड़ो’ रैली निकाली। यह रैली रांची के फिरायालाल चौक से लेकर DC आवास तक निकाली गयी।
रैली में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया। प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रांची के डोरंडा इलाके में चार पाकिस्तानी नागरिकों के रहने की जानकारी मिली है, लेकिन प्रशासन अब तक उन्हें पाकिस्तान नहीं भेज पाया है। जिन-जिन का वीजा समाप्त हो गया है उन्हें भारत सरकार के आदेश पर प्रशासन की मदद से पाकिस्तान वापस भेजा जा रहा है। मरांडी ने कहा कि जो पाकिस्तानी है, उन्हें राज्य सरकार जल्द से जल्द यहां से विदा करे। अब यहां रहने का उन्हें एक मिनट भी अधिकार नहीं है। लेकिन यह दुःख की बात है कि झारखंड सरकार ऐसे लोगों का समर्थन कर रही है।
रैली के दरम्यान नारेबजी करते हुए भाजपा का प्रतिनिधिमंडल डीसी ऑफिस पहुंचा। वहां, डीसी और मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। इसके साथ ही भाजपा नेताओं ने सरकार को यह चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की जाती है, तो इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस रैली में भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, हटिया विधायक नवीन जयसवाल, रांची विधायक सीपी सिंह और कई अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : घर पार आने वाली थी बारात, पर आयी एक मनहूस खबर… जानें क्या



