अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : घर पर आज यानी सोमवार को बारात आने वाली थी। पूरे घर में खुशियां छाई थी। नाच-गाने, रस्म-रिवाज निभाये जा रहे थे। दुल्हन भी अरमान सजाये बैठी थी कि आज उसके सपनों के साजन से मुलाकात होगी और उसे अपने साथ ब्याह कर ले जायेगा। इसी दरम्यान घर में चल रहे जनरेटर का डीजल खत्म हो गया। करीब 45 साल के बिंदु मेहता ने अपने 12 साल के बेटे को साथ लिया और निकल पड़े डीजल लाने। जब दोनों बाप-बेटे उत्तर कोयल मुख्य नहर स्थित मुखर्जी पुल के पास पहुंचे तो अचानक उनकी बाइक एक 11 हजार वोल्ट की करंट प्रवाहित बिजली की तार की चपेट में आ गयी। मौके पर करंट लगने से बाप-बेटे की मौत हो गयी। वहीं, उनकी बाइक भी जलकर राख हो गयी। वारदात की फैली खबर के बाद घर में कोहराम मच गया। घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गयी। घटना पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र की है।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा उबाल पर आ गया। गुस्साए गाववालों ने सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। इस हादसे का जिम्मेदार लोग बिजली विभाग को बता रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को लगातार सूचना देने के बावजूद तार को दुरुस्त नहीं किया जाता है, जिससे इस तरह की घटनाएं होती है। मौके पर पहुंचे हैदरनगर के CO संतोष कुमार, थानेदार अफजल अंसारी ने दोनों डेड बॉडी को कब्जे में कर पोस्टमार्टम केलिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया। गांववालों ने बताया कि बिंदु मेहता की भतीजी की सोमवार को बारात आने वाली है। बिंदु मेहता अपने इकलौते बेटे बिपिन को बाइक पर साथ लेकर सुबह डीजल लेने जा रहे थे।
इसे भी पढ़ें : चलते-चलते धधक उठी कार, झुलस कर कंकाल बन गया शख्स
इसे भी पढ़ें : अपराधियों ने एक घंटे तक किया तांडव, दो ड्रिल मशीन और 6 गाड़ियों को फूंक डाला



