अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार पुलिस सिपाही भर्ती 2025 में एक ऐतिहासिक उपलब्धि देखने को मिली है, जहां पहली बार 8 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस भर्ती में महिलाओं का प्रतिनिधित्व पुरुषों से अधिक रहा, जो राज्य की समावेशी और महिला सशक्तिकरण नीतियों की सफलता को दर्शाता है।
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2024-25 के अंतिम परिणामों में कुल 21,391 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिसमें 10,205 पुरुष, 11,178 महिलाएं और 8 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। यह पहली बार है जब ट्रांसजेंडर समुदाय से इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पुलिस बल में शामिल हो रहे हैं, जिसे सामाजिक न्याय और लैंगिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
चयनित ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों में से एक, गोपालगंज निवासी दिव्या ने कहा, “हमारी पहचान अब सिर्फ समाज के हाशिए पर खड़े समुदाय की नहीं, बल्कि कानून के रक्षक की होगी। यह वर्दी हमें सम्मान, सुरक्षा और आत्मगौरव दोनों दे रही है।” दिव्या जैसी कई ट्रांसजेंडर महिलाएं अब तक सामाजिक भेदभाव और पहचान के संघर्ष का सामना करती रही हैं, और वे अब खुद को न केवल बराबरी का हकदार मान रही हैं, बल्कि समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उठा रही हैं।
इस बार भर्ती में महिलाओं की संख्या 11,178 रही, जो पुरुषों की तुलना में अधिक है। यह राज्य की महिला सशक्तिकरण नीतियों की सफलता को दर्शाता है। बिहार केंद्रीप चयन परिषद के चेयरमैन जितेन्द्र कुमार ने बताया कि लिखित परीक्षा अगस्त 2024 में छह चरणों में आयोजित की गई थी, जिसमें 17.87 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 1.07 लाख को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया और अंततः 21,391 को चयनित किया गया। उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश रही कि भर्ती प्रक्रिया न केवल निष्पक्ष हो, बल्कि समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व दे सके।”
लिखित परीक्षा अगस्त 2024 में 07, 11, 18, 21, 25 और 28 तारीख को एक-एक पाली में आयोजित की गई थी। शारीरिक दक्षता परीक्षा 09 दिसंबर 2024 से 10 मार्च 2025 तक शहीद राजेन्द्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च विद्यालय (पटना हाई स्कूल), गर्दनीबाग, पटना में आयोजित की गई।

