अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह ने भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर एक विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदी जी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करा दी।” यह बयान शाह ने रविवार को इंदौर के महू के रायकुंडा गांव में आयोजित हलमा कार्यक्रम में दिया था, जिसका वीडियो मंगलवार को वायरल हो गया।
पार्टी ने लिया एक्शन
शाह के बयान के बाद भाजपा पार्टी ने उन्हें भोपाल तलब किया। संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने उन्हें फटकार लगाई, जिसके बाद मंत्री शाह ने अपने सुर बदलते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया है।” उन्होंने यह भी कहा कि “मेरे भाषण को अलग संदर्भ में न देखें।”
विवादित बयान का विस्तार
शाह ने अपने बयान में कहा कि “उन्होंने कपड़े उतार-उतार कर हमारे हिंदुओं को मारा और मोदी जी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा।” उन्होंने यह भी कहा कि “आतंकवादी तीन मंजिला घर में बैठे थे। बड़े बम से छत उड़ाई, फिर बीच की छत उड़ाई और अंदर जाकर उनके परिवार की ऐसी की तैसी कर दी।”
राजनीतिक प्रतिक्रिया
मंत्री शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए PCC चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि “विजय शाह को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए।” उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या एक ऐसा व्यक्ति जो देश की बहादुर बेटियों के लिए निंदनीय शब्दों का इस्तेमाल करता है, मंत्रिमंडल में रहने के लायक है?”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस बयान की निंदा की और कहा कि “भाजपा की मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री ने हमारी वीर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में बेहद अपमानजनक टिप्पणी की है।”
इसे भी पढ़ें : केंद्र से SC ता सवाल- जब राफेल उड़ा सकती हैं महिलाएं तो फिर कानूनी शाखा के शीर्ष पदों पर क्यों नहीं??



