News Samvad : भारत सरकार ने बुधवार को तुर्किये के सरकारी चैनल TRT वर्ल्ड और चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स और शिन्हुआ के X अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है। इन पर भारत विरोधी प्रोपेगैंडा चलाने और भारतीय सेना के बारे में गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया गया है।
इस बीच, भारतीय व्यापारियों ने तुर्किये से सेब के आयात से इनकार कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि तुर्किये पाकिस्तान को ड्रोन भेजता है, जिनका उपयोग पाकिस्तान ने भारत पर हमले के लिए किया।
एक व्यापारी शादाब खान ने कहा कि उन्होंने तुर्किये के सभी सामान का बायकॉट किया है। उन्होंने बताया कि तुर्किये का भारत से अच्छा व्यापार था, लेकिन अब उन्होंने उससे सभी व्यापार खत्म कर दिए हैं।
भारत तुर्किये से सालाना 1200 करोड़ रुपए का सामान आयात करता है, जिसमें सेब की बड़ी मात्रा शामिल है। व्यापारियों की नाराजगी के चलते तुर्किये के सामान का विरोध दिल्ली, यूपी और महाराष्ट्र तक फैल गया है।