अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए ने साफ कर दिया है कि चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, जबकि महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान का एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने खुद मुख्यमंत्री बनने की इच्छा तो नहीं जताई, लेकिन यह जरूर कहा कि अगर एनडीए सरकार बनाती है तो डिप्टी सीएम उनकी पार्टी से होना चाहिए। एक टीवी चैनल से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा, “इस समय मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। नीतीश कुमार के पास बिहार को आगे ले जाने का अनुभव है। इसलिए गठबंधन में सीएम पद पर कोई चर्चा की जरूरत ही नहीं है।”
‘पद की लालसा नहीं, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता को मिले मौका’
डिप्टी सीएम बनने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा, “मुझे किसी पद की लालसा नहीं है। डिप्टी सीएम एक गंभीर जिम्मेदारी होती है। लेकिन मैं जरूर चाहूंगा कि मेरी पार्टी का कोई ऐसा कार्यकर्ता, जो बिहार में दिन-रात मेहनत कर रहा है, उसे यह जिम्मेदारी दी जाए।”
एनडीए की मजबूती ही चिराग पासवान का प्राथमिक लक्ष्य : बीजेपी
चिराग पासवान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा, “चिराग जी ने साफ कर दिया है कि चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने खुद डिप्टी सीएम बनने की बात भी नकार दी है। यह दिखाता है कि एनडीए की मजबूती ही उनका प्राथमिक लक्ष्य है।” बीजेपी ने साथ ही महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष नीतीश कुमार की तबीयत का मुद्दा बनाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन एनडीए एकजुट है और मजबूत स्थिति में चुनाव लड़ेगा।
इसे भी पढ़ें : भरोसे का खू’न : दोस्त का क’त्ल कर उसकी ही माशूका को ले भागा



