अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना से सटे पुनपुन थाना क्षेत्र के समकूढ़ा गांव में सोमवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक पुराने मिट्टी और फूस के मकान की खुदाई के दौरान एक के बाद एक 40 सांप निकल आए। इनमें एक विशाल गेहुमन (कोबरा) और दर्जनों सपोले शामिल थे। जैसे ही सांप निकलने शुरू हुए, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
एक साल पहले बेटे को भी डस चुका था सांप
घर के मालिक शंभू प्रसाद के बेटे संतोष कुमार ने बताया कि उनके परिवार के पांच सदस्य इसी मकान में रहते हैं। करीब एक साल पहले उनके छह वर्षीय बेटे तरुण कुमार को घर के अंदर ही एक जहरीले सांप ने डस लिया था। बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत पीएमसीएच, पटना ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसकी जान बच सकी।उस समय परिवार को यह अंदाजा भी नहीं था कि मकान के नीचे सांपों का इतना बड़ा मांद हो सकता है। अब लगातार सांप निकलने के बाद उन्हें पूरी सच्चाई का पता चला।
पहले 23 सपोले निकले, फिर खुदाई में मिला कोबरा
संतोष कुमार ने बताया कि रविवार को घर के अंदर एक-एक कर 23 सपोले निकल आए थे। डर के कारण परिवार और आसपास के लोगों ने उन सपोलों को मार दिया। इसके बाद शक हुआ कि कहीं नीचे सांपों का बड़ा ठिकाना तो नहीं है।सोमवार को गांव वालों ने एक सपेरे को बुलाया। जब मकान के एक कमरे में करीब तीन फीट तक मिट्टी की खुदाई की गई तो वहां से एक विशाल गेहुमन (कोबरा) और 17 सपोले और निकल आए। इतने सारे सांप एक साथ देखकर हर कोई हैरान रह गया।
सपेरे ने कई सांप पकड़े, कुछ को लोगों ने मार दिया
घटना की सूचना मिलने के बाद सपेरा नगीना मौके पर पहुंचा। उसने कई सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया। हालांकि कुछ सांपों को ग्रामीणों ने डर के कारण मार दिया। इसके बाद आसपास के हिस्सों की भी जांच की गई ताकि यह पता चल सके कि कहीं और भी सांप तो नहीं छिपे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि मकान के नीचे बड़ा मांद हो सकता है। इसी वजह से पूरे इलाके में लोग सतर्क हैं और बच्चों को घर से बाहर अकेले नहीं निकलने दे रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से की अहम अपील
पुनपुन थाना प्रभारी बेबी कुमारी ने कहा कि इस तरह की स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। अगर कहीं सांप दिखाई दे तो उसे मारने की बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ टीम सुरक्षित तरीके से सांपों का रेस्क्यू कर सकती है। इससे लोगों की जान भी सुरक्षित रहती है और वन्यजीवों को भी नुकसान नहीं पहुंचता।
गांव में अब भी बना हुआ है डर का माहौल
घटना के बाद समकूढ़ा गांव के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। शंभू प्रसाद का परिवार फिलहाल काफी सहमा हुआ है। लोगों को आशंका है कि अगर मकान के नीचे बड़ा मांद है तो आसपास के दूसरे घरों में भी सांप हो सकते हैं।स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है। फिलहाल पूरे गांव में इसी घटना की चर्चा हो रही है।
इसे भी पढ़ें : जून ने तोड़ी उम्मीद, अब जुलाई पर टिकी निगाहें

