अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, बाजार समितियों को आधुनिक बनाने और अंडा उत्पादन की क्षमता बढ़ाने पर सरकार का पूरा फोकस है। कृषि उत्पादन आयुक्त अरविंद कुमार चौधरी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे आपसी तालमेल के साथ चौथे कृषि रोड मैप (2023-28) की योजनाओं को तय समय पर पूरा करें। शुक्रवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में मछली और मांस की साफ सुथरी बिक्री के लिए आधुनिक सेल प्वाइंट विकसित किए जाएं, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिल सकें और पशुपालकों की आमदनी भी बढ़े।
जैविक कॉरिडोर और कृषि वानिकी के विस्तार पर खास जोर
समीक्षा बैठक के दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त ने राज्य के किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने और उन्हें इसके प्रति प्रोत्साहित करने के लिए ठोस पहल करने को कहा। उन्होंने जैविक कॉरिडोर के विस्तार, बागवानी फसलों के रकबे को बढ़ाने और कृषि वानिकी को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी योजनाओं की प्रगति में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को उनकी उपज का सही दाम और बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए बाजार समितियों के विकास और आधुनिकीकरण के काम में तेजी लाने को कहा गया।

एक दर्जन से अधिक विभागों के अधिकारियों ने पेश की प्रगति रिपोर्ट
कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि चौथे कृषि रोड मैप के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी जवाबदेही के साथ काम करना होगा, तभी ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। इस बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, सहकारिता सचिव धर्मेन्द्र सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन सचिव शीर्षत कपिल अशोक, विशेष सचिव डॉ. बीरेंद्र प्रसाद यादव, कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल, अपर सचिव अमित कुमार पांडे और उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार शामिल हुए। इनके साथ ही ऊर्जा, राजस्व एवं भूमि सुधार, पर्यावरण एवं वन, उद्योग, गन्ना उद्योग, जल संसाधन, लघु जल संसाधन, ग्रामीण कार्य और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपने विभाग की योजनाओं का ब्योरा रखा।
इसे भी पढ़ें : बिहार में उद्योगों की राह से हटे रोड़े, लैंड बैंक के लिये सम्राट सरकार ने खोल दिया खजाना







