अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : बिहार से दिल्ली आने-जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। अब ट्रेनों में लंबी वेटिंग और त्योहारों की भीड़ से परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिहार के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए शुक्रवार से नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा की शुरुआत हो गई है। नई दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया। इससे पहले बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने बस परिचालन के लिए आधिकारिक समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

पटना समेत बिहार के 13 जिलों से 18 रूटों पर दौड़ेंगी बसें
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य की अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने इन रूटों पर चलाने के लिए कुल 149 नई डीलक्स बसें खरीदी हैं, जिनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा पीपीपी मोड के तहत भी 150 बसों का संचालन किया जाएगा। प्रदेश के 13 जिलों से कुल 18 मार्ग तय किए गए हैं। इसमें पटना से सबसे ज्यादा 4 रूट और मुजफ्फरपुर व गयाजी से 2-2 रूट शामिल हैं। वहीं अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से 1-1 रूट पर दिल्ली के लिए बसें चलेंगी। हर मार्ग पर बिहार और दिल्ली दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा तय किया गया है।
अब साल भर मिलेगी सुविधा, त्योहारों का इंतजार खत्म
इस मौके पर बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि अब तक यह बस सेवा केवल होली, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों तक ही सीमित रहती थी। साल 2025 में त्योहारों की भीड़ को देखते हुए 210 बसें चलाई गई थीं। इसी तरह साल 2026 में भी दीपावली और छठ पर दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए 155 बसें चली थीं। यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए सरकार ने इसे पूरे साल चलाने का फैसला लिया है। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले जुलाई महीने में बिहार और हरियाणा के बीच भी 12 मार्गों पर नियमित बस चलाने का समझौता हो चुका है, जिसके लिए 36 परमिट मिल गए हैं। हरियाणा जाने वाली अधिकांश बसें दिल्ली होकर ही गुजरेंगी, जिससे दिल्ली के यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
किन जिलों से बसों का कितना किराया… देखें लिस्ट
| क्रम संख्या | मार्ग (रूट) | दूरी | नॉन-एसी सीटर | नॉन-एसी स्लीपर | एसी सीटर | एसी स्लीपर |
| 1 | पटना – दिल्ली | 1198 किमी | ₹1615 | ₹1715 | ₹1980 | ₹2919 |
| 2 | मुजफ्फरपुर – दिल्ली | 1071 किमी | ₹1470 | ₹1570 | ₹1804 | ₹2717 |
| 3 | गयाजी – दिल्ली | 1106 किमी | ₹1555 | ₹1655 | ₹1907 | ₹2784 |
| 4 | दरभंगा – दिल्ली | 1137 किमी | ₹1592 | ₹1692 | ₹1853 | ₹2866 |
| 5 | पूर्णिया – दिल्ली | 1367 किमी | ₹2018 | ₹2118 | ₹2470 | ₹3383 |
| 6 | भागलपुर – दिल्ली | 1420 किमी | ₹1917 | ₹2017 | ₹2347 | ₹3256 |
| 7 | अररिया – दिल्ली | 1319 किमी | ₹1929 | ₹2029 | ₹2362 | ₹3275 |
| 8 | किशनगंज – दिल्ली | 1427 किमी | ₹2011 | ₹2111 | ₹2463 | ₹3375 |
| 9 | मोतिहारी – दिल्ली | 1071 किमी | ₹1429 | ₹1529 | ₹1755 | ₹2694 |
| 10 | सीतामढ़ी – दिल्ली | 1130 किमी | ₹1579 | ₹1679 | ₹1937 | ₹2850 |
| 11 | शिवहर – दिल्ली | 1118 किमी | ₹1559 | ₹1659 | ₹1913 | ₹2821 |
| 12 | सीवान – दिल्ली | 962 किमी | ₹1276 | ₹1376 | ₹1568 | ₹2467 |
| 13 | सुपौल – दिल्ली | 1285 किमी | ₹1774 | ₹1874 | ₹2175 | ₹3114 |
| 14 | लौकहा – दिल्ली | 1322 किमी | ₹1844 | ₹1944 | ₹2257 | ₹3176 |
अन्य रूटों के किराए, समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की वेबसाइट www.bsrtc.bihar.gov.in पर जा सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल और मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : बिहार में अगले दो रोज छायेगा कोहरा, 2 दिसंबर तक 14 डिग्री पहुंचेगा पारा







