अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जहां 12 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। दिल्ली में धमाके की खबर के बाद राज्य में सुरक्षा और ज्यादा बढ़ा दी गई है।
सुपौल और पूर्णिया में मतदान में हुई देरी
सुपौल शहर के वार्ड 19 के बूथ संख्या 187 पर मॉक पोल और सीलिंग में देरी के कारण मतदान 20 मिनट देर से शुरू हुआ। इसके अलावा पूर्णिया के भट्ठा बाजार स्थित मध्य विद्यालय के बूथ नंबर 89 पर भी मतदान देर से शुरू हुआ। पूर्णिया जिले की सात विधानसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। यहां 2,553 बूथों पर 20,93,212 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। आज कुल 69 उम्मीदवारों का फैसला ईवीएम में कैद होगा। जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान का भरोसा दिलाया है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में
दिल्ली धमाके के बाद बिहार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। बिहार DGP विनय कुमार ने कहा कि दूसरे चरण की सुरक्षा व्यवस्था पहले चरण से भी ज्यादा सख्त है। नेपाल सीमा से सटे सात जिलों एवं राज्यों की सीमा से लगे इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है। नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं और संबंधित राज्यों के DGP से भी बातचीत की गई है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।
वोटर्स के लिए सीएम की अपील
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “पहले मतदान, फिर जलपान।”
4003 बूथों पर शाम 4 बजे तक ही वोटिंग
दूसरे चरण में कुल 45,339 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 4,109 संवेदनशील और 4,003 अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन बूथों पर शाम 4 बजे तक मतदान होगा। बोधगया के 200 बूथों पर 4 बजे तक और 106 बूथों पर 5 बजे तक मतदान होगा। सभी संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : 30 के बाद कौन-कौन सी हेल्थ जांच जरूरी, कई बीमारियों से बचाएंगी ये टेस्ट

