अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में ठंड ने इस बार नवंबर में ही जोर पकड़ लिया है। रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार और लोहरदगा में तापमान ने अचानक गिरावट दर्ज की है। राजधानी रांची में पिछले 4–5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 6–7 डिग्री की गिरावट देखी गई है, जिससे लोगों को दिसंबर जैसी ठंड का असर महसूस हो रहा है। लोग ठंड से बचने के लिए 2 नहीं, बल्कि 3-3 जैकेट पहनकर घरों से बाहर निकल रहे हैं। सर्दी-खांसी से लोग परेशान हैं और सुबह-शाम ठंडी हवाएं कंपकंपी बढ़ा रही हैं।
IMD ने जारी किया शीतलहर अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार और लोहरदगा में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। यह अलर्ट 11 नवंबर सुबह 8:30 बजे से 12 नवंबर सुबह 8:30 बजे तक लागू रहेगा। विभाग ने सलाह दी है कि सुबह 7 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद घर से बाहर निकलने से बचें, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को स्वयं को सुरक्षित रखना चाहिए।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम/न्यूनतम तापमान | AQI |
|---|---|---|
| रांची | 25°C / 11°C | 171 |
| जमशेदपुर | 29°C / 13°C | 168 |
| धनबाद | 29°C / 13°C | 170 |
| बोकारो | 27°C / 12°C | 120 |
| (नोट: ये आंकड़े मंगलवार के हैं) |
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर
रांची वेदर सेंटर के मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी होने के कारण वहां से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रभाव झारखंड में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे शीतलहर और तेज महसूस होगी, इसलिए स्वास्थ्य के लिहाज से सावधानी जरूरी है।
लातेहार में तापमान 10 डिग्री
लातेहार में न्यूनतम तापमान 10°C तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे कम रिकॉर्ड है। शाम के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और लोग जगह-जगह अलाव जलाकर गर्माहट लेते दिख रहे हैं। सिमडेगा और गढ़वा में भी यही हाल है।
इसे भी पढ़ें : बिहार चुनाव के दूसरे चरण में मतदान शुरू, सुरक्षा हाई अलर्ट पर

