अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की वारदातों के बीच पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर शातिर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया। इस दौरान चोरी की 6 मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
चोरी का मामला और SIT की कार्रवाई
पाकुड़ एसडीपीओ डीएन आजाद ने खुलासा किया कि बीते 07 फरवरी को बैंक कॉलोनी से सूरज कुमार की हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई थी। सूरज कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर मामले की शिकायत की। एसपी निधि द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लिए और तुरंत SIT गठित कर बाइक खोज निकालने का आदेश दिया। SIT ने गुप्त सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई की और गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया। जहां-तहां से खड़ी बाइक को टपा लेना और औने-पौने दामों में बेच देना इस गिरोह की फितरत है।
छापेमारी में मिले छह मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल
एसडीपीओ ने बताया कि बरामद छह बाइकों में से एक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR10AM7293 है। बाकी पांच मोटरसाइकिलों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही चोरी किए गए तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। नगर थाना प्रभारी, तकनीकी शाखा और नगर थाना सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मी इस कार्रवाई में शामिल रहे।
पुलिस की चेतावनी और आम लोगों की राहत
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से बाइक और वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी गाड़ियां और कीमती सामान की सुरक्षा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इसे भी पढ़ें : 11 साल की नेहा 4 फरवरी से लापता, सुराग देने वाले को इनाम देगी रांची पुलिस

