अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र के अगानपुर गांव के पास बीती देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार मौरंग लदा डंपर पुल की रेलिंग तोड़कर सीधे 30 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गया। इस दौरान बगल की लाइन से गुजर रही गरीब रथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस अचानक जोरदार धमाके से हिल गई। यात्रियों को लगा कि ट्रेन पटरी से उतर गई या किसी ने बम विस्फोट किया है। यह हादसा रात करीब 9:12 बजे हुआ।
यात्रियों में अफरा-तफरी, “सोचा अब नहीं बचेंगे”
वाराणसी के चमन सिंह, जो गरीब रथ में सवार थे, ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि सबको लगा बड़ा हादसा हो गया। कई यात्री खिड़कियों से बाहर झांकने लगे और ट्रेन रुकते ही कुछ लोग डर के मारे कोच से बाहर भागने लगे। चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ओएचई लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त, 150-170 ट्रेनों पर असर
डंपर गिरने से रेलवे की ओवरहेड बिजली लाइन (OHE) टूट गई। इससे बुढ़वल–गोंडा रेलमार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही तुरंत ठप हो गई। बुढ़वल जंक्शन तीन महत्वपूर्ण रूटों से जुड़ता है-
- सीतापुर लाइन
- गोरखपुर–बिहार मेन लाइन
- बाराबंकी–लखनऊ लाइन
यहाँ से रोजाना 150–170 ट्रेनें गुजरती हैं। ओएचई लाइन टूटने के कारण कई एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनों को रोकना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत सीतापुर रूट की ट्रेनों को हुई।
राहत-बचाव कार्य शुरू, प्रशासन अलर्ट
हादसे की सूचना मिलते ही बुढ़वल व रामनगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम स्पॉट पर पहुंच गई। साथी ही फतेहपुर और बाराबंकी से एंबुलेंस भी पहुंच गई। थानेदार अनिल कुमार पांडेय ने स्थिति देखकर तुरंत अफसरों को अलर्ट किया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने आसपास के थानों की फोर्स मौके पर भेजी। रात 10 बजे राहत-बचाव कार्य शुरू हो गया।
डंपर के चालक को काटकर निकाला गया
डंपर चालक मलबे में बुरी तरह फंसा था। उसे काटकर बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया। उसकी पहचान पंकज कुमार (निवासी-मनिहारी गांव, करनैलगंज, गोंडा) के रूप में हुई। रात 1:45 बजे तक रेलमार्ग बहाल नहीं हो सका था।
ट्रेनें डायवर्ट-लखनऊ के लिए सभी ट्रेनें अयोध्या मार्ग से भेजी जा रहीं
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के चलते सभी ट्रेनों को बाराबंकी-अयोध्या-मनकापुर मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। गोरखपुर और बिहार से आने वाली सभी ट्रेनें अब अयोध्या के रास्ते लखनऊ भेजी जा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : 16 DM सहित 37 IAS अधिकारी 25 रोज के लिए जाना होगा मसूरी… जानें क्यों



