अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में रविवार देर रात पुलिस का सख्त तेवर देखने को मिला। शहर में अपराध और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए एक साथ एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया, जिसमें पुलिस के आला अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभालते नजर आए।
तीनों एसपी ने खुद संभाली कमान
अभियान की निगरानी के लिए सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह खुद सड़कों पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। देर रात तक चलाए गए इस अभियान के दौरान संदिग्ध गाड़ियों और लोगों की गहन जांच की गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर
ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत कई प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर वाहन चालकों की जांच की गई। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन की मदद से चालकों की जांच की। शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा बन सकता है।
संदिग्ध लोगों और वाहनों की हुई जांच
एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। वाहनों के कागजात, डिक्की और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की गई। कई स्थानों पर पुलिस ने राहगीरों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। अभियान का मकसद अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना था।
क्राइम कंट्रोल के लिए लगातार अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। देर रात होने वाली वारदातों, चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
लोगों से सहयोग की अपील
रांची पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही शहर को सुरक्षित बनाया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने की अभिषेक बनर्जी पर हमले की कड़ी निंदा, क्या बोले… जानें

