अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि मां दुर्गा के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सरकार की पहली प्राथमिकता है और बदुआ नदी पर बन रहे आधुनिक रिवर फ्रंट के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता और मजबूती के साथ हर हाल में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह बातें बांका जिले के प्रसिद्ध तेलडीहा मंदिर के समीप रिवर फ्रंट योजना के निरीक्षण के दौरान कहीं।
बदुआ नदी तट पर आधुनिक घाटों का खुद देखा काम
सीएम सम्राट चौधरी ने पूजा-अर्चना के तुरंत बाद बदुआ नदी तट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना के तहत बनाए जा रहे आधुनिक पक्के घाटों, सुरक्षा दीवारों और श्रद्धालुओं के बैठने-घूमने के लिए तैयार किए जा रहे पूरे परिसर की जमीनी हकीकत परखी। मौके पर मौजूद इंजीनियरों और आला अफसरों ने नक्शा दिखाकर अब तक हुए काम और बची हुई योजनाओं का पूरा ब्योरा पेश किया, जिसे देखकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि काम ऐसा हो जो वर्षों तक मिसाल बने।
तेलडीहा और असरगंज में टेका माथा, मांगी प्रदेश की खुशहाली
इससे पहले मुख्यमंत्री ने शक्तिपीठ के रूप में विख्यात तेलडीहा दुर्गा मंदिर के साथ-साथ तारापुर के असरगंज गोला दुर्गा मंदिर और असरगंज के प्राचीन दुर्गा मंदिर में पहुंचकर पूरे विधि-विधान से मां दुर्गा की आराधना की। उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना करते हुए कहा कि बिहार लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़े और पूरे राज्य में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा बना रहे। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में उमड़े भक्तों का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया।

निरीक्षण और पूजा के इस पूरे कार्यक्रम में स्थानीय विधायक कुमार प्रणय, विधायक जयंत राज, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रविन्द्र सिंह कल्लू मौजूद थे। वहीं मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार के अलावा मुंगेर, बांका और भागलपुर के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक समेत भारी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : बिहार : दुर्गा पूजा में गुल नहीं होगी बिजली, 115 कंट्रोल रूम एक्टिव, 1000 अफसर तैनात


