अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल ने पदकों का शानदार अंबार लगाकर देशवासियों का दिल जीत लिया है। इस बार भारत ने कुल 85 पदक जीतकर मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक कामयाबी में रिलायंस फाउंडेशन के खिलाड़ियों की बड़ी भूमिका रही। देश के कुल पदकों में से 29 पदकों पर रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े एथलीट्स ने अपना नाम दर्ज कराया है। इस दल में फाउंडेशन से जुड़े 48 खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा थे। इस शानदार उपलब्धि पर रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने सभी एथलीट्स को बधाई दी और उनकी जमकर तारीफ की।
महिला खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान
खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए नीता अंबानी ने कहा कि टीम इंडिया ने पूरे देश को गर्व करने के कई मौके दिए हैं। उन्होंने खासतौर पर महिला एथलीट्स के जज्बे को सराहा। नीता अंबानी ने कहा कि हमारी बेटियों ने मैदान पर जिस हिम्मत और लगन से प्रदर्शन किया है, वह देश की लाखों युवा लड़कियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि इन युवा एथलीट्स की सफलता इस बात का पक्का सबूत है कि जब हम अपनी नई प्रतिभाओं पर भरोसा करते हैं और उन्हें सही मौका देते हैं, तो नतीजे हमेशा बेहतरीन आते हैं। खेलों की शुरुआत से पहले भी उन्होंने खिलाड़ियों के कड़े अभ्यास और उनके परिवारों के त्याग की सराहना की थी।

तैयारी से मिली मैदान पर मजबूती
रिलायंस फाउंडेशन लंबे समय से ग्रासरूट लेवल से लेकर एलीट स्तर तक खिलाड़ियों को तैयार करने में जुटा है। मौजूदा समय में ओलंपिक में शामिल 10 से ज्यादा खेलों के 200 से अधिक एथलीट्स को फाउंडेशन मदद दे रहा है। सिर्फ आर्थिक सहायता या स्कॉलरशिप ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन, आधुनिक तकनीक और विश्व स्तरीय उपकरण मुहैया कराए जाते हैं। इसके साथ ही भारतीय प्रतिभाओं को दुनिया के बड़े टूर्नामेंट्स में खेलने का मौका यानी इंटरनेशनल एक्सपोजर भी दिया जाता है, जिससे बड़े मंच पर उनका आत्मविश्वास नहीं डगमगाता।
अब लॉस एंजेलिस ओलंपिक पर टिकी नजरें
नीता अंबानी ने देश का मान बढ़ाने वाले हर एक खिलाड़ी का शुक्रिया अदा किया। एशियन गेम्स के इस मंच ने भारतीय खिलाड़ियों के लिए आगे का रास्ता भी साफ कर दिया है। शानदार प्रदर्शन के दम पर कई खिलाड़ियों ने लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए अपना टिकट पक्का कर लिया है। साफ है कि एशियन गेम्स में मिली यह बड़ी जीत सिर्फ एक पड़ाव है, और भारतीय खेल जगत अब अगली ओलंपिक चुनौती में इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।
इसे भी पढ़ें : लोकेशन से SOS तक, अब बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर नजर रखेगा जियोशील्ड



