अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : एक ऐसा बैंकिंग घोटाला जिसने पलामू जिले के बैंकिंग तंत्र और आम लोगों को हिला कर रख दिया। JRG बैंक, दंगवार शाखा के पूर्व ब्रांच मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने ग्राहकों के खातों और STDR यानी विशेष सावधि जमा से करोड़ों रुपये का गबन किया। आरोपी को पुलिस ने बिहार के सासाराम से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शाखा प्रबंधक की शिकायत पर खुला राज
यह पूरा मामला तब सामने आया जब ब्रांच मैनेजर आशीष रंजन ने वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर हुसैनाबाद पुलिस ने धारा 409/420/467/468/471 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज कुमार सिंह ने 11 महिला खाता समूहों से फर्जी लोन स्वीकृत कर निकासी की थी। जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने ग्राहकों की पहचान संख्या (ID) का दुरुपयोग कर उनके नाम पर नया खाता खोला और STDR राशि को वहां ट्रांसफर कर अपने या परिचितों के खातों में कैश निकासी कर ली। कुछ मामलों में सीधे बैंक से नकद निकासी भी की गई।
6 करोड़ का गबन, 4.66 करोड़ की वापसी
जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने कुल ₹6,03,34,245 रुपये का गबन किया। हालांकि, बैंक दबाव में आकर उसे ₹4,66,89,942 रुपये वापस करने पर मजबूर कर दिया। यह रकम बैंक की जांच टीम द्वारा जब्त कर ली गई। हुसैनाबाद के SDPO आईपीएस अधिकारी एस. मो. याकुब ने बताया कि यह कांड बैंकिंग घोटाले के मामलों में गंभीर श्रेणी का है। इसलिए SIT का गठन किया गया और जांच के प्रत्येक पहलू को गहनता से परखा गया।
लोकेशन ट्रेस कर बिहार से दबोचा
SIT ने तकनीकी और फील्ड जांच के जरिए आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। 16 अक्टूबर 2025 को बिहार के सासाराम से मनोज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हुसैनाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंकिंग और आर्थिक अपराधों पर नकेल कसने के लिए ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। एस. मो. याकुब ने कहा, “आर्थिक अपराध कानून के अनुसार गंभीर अपराध हैं, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
पलामू में 6 करोड़ का बैंक घोटाला, संदेही मैनेजर बिहार से गिरफ्तार, हुसैनाबाद SDPO IPS अधिकारी एस मो याकुब क्या बोले… देखें pic.twitter.com/nhXLujAPt1
— News Samvad (@newssamvaad) October 17, 2025
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरे कांड का खुलासा करने और आरोपी मनोज कुमार सिंह को गिरफ्तार करने में हुसैनाबाद SDPO IPS अधिकारी एस मो याकुब, अनुसंधानकर्ता सर्किल इंस्पेक्टर बिनोद राम, हैदरनगर थानेदार अफजल अंसारी, एसआई मुकेश कुमार, दंगवार ओपी प्रभारी सोनू कुमार, एसआई रमण यादव, एएसआई कालिका राम, सिंगराय हेम्ब्रम और महिला पुलिस कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : बच्चों का डिजिटल नशा… अब जंगल बन गया मासूमों का गेमिंग अड्डा

