अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Deoghar : असम विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का देवघर दौरा राजनीतिक मायनों में अहम माना जा रहा है। बुधवार को देवघर पहुंचे हिमंता का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा।
पहले सत्संग आश्रम, फिर बाबा धाम पहुंचे
देवघर पहुंचते ही हिमंता बिस्वा सरमा सबसे पहले सत्संग आश्रम गए। वहां कुछ समय बिताने के बाद वे सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर में उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ विशेष पूजा की। पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोका गया। जैसे ही पूजा खत्म हुई, मंदिर को दोबारा आम लोगों के लिए खोल दिया गया।
झारखंड में बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लिया🙏🏽
बम बम भोले 🔱 pic.twitter.com/kik2l1usgI
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) April 8, 2026
निशिकांत दुबे दंपती रहे साथ
इस दौरान गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। पूजा के बाद हिमंता कुछ देर के लिए निशिकांत दुबे के आवास पर रुके, जहां उन्होंने भोजन और विश्राम किया।
आचार संहिता के चलते मीडिया से दूरी
देवघर दौरे के दौरान हिमंता बिस्वा सरमा ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू है, इसलिए अभी कोई बयान नहीं देंगे। उन्होंने इतना जरूर कहा कि चुनाव के बाद मीडिया से विस्तार से बात करेंगे।
मंदिर दर्शन से सियासी हलचल
चुनाव से ठीक पहले हिमंता का बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचना राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे रहा है। इससे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी असम के कामाख्या मंदिर जाकर पूजा कर चुके हैं। ऐसे में दोनों राज्यों के नेताओं के मंदिर दौरे को लेकर सियासत गर्म होती दिख रही है। पूजा के बाद हिमंता बिस्वा सरमा देवघर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए और वहां से असम लौट गए। अब सबकी नजरें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं कि बाबा का आशीर्वाद और जनता का समर्थन किसे मिलता है।
इसे भी पढ़ें : आंधी-बारिश ने उजाड़ी फसल, योगी सरकार ने बजाया राहत का बिगुल



