अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में पारंपरिक खेती के साथ-साथ अब बागवानी को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने की बड़ी तैयारी की जा रही है। चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ पहल के जरिए राज्य में क्लस्टर आधारित बागवानी योजना चलाई जा रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस योजना के तहत चुनिंदा फलदार और सुगंधित फसलों की खेती करने पर किसानों को प्रति एकड़ एक लाख रुपये तक का अनुदान मिलेगा। वहीं, ड्रैगन फ्रूट की खेती करने वाले किसानों को सरकार की ओर से प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इच्छुक किसान 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
दो किस्तों में मिलेगी अनुदान की राशि, बटाईदार और महिलाओं को भी मौका
कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि सरकार का पूरा जोर इस बात पर है कि योजनाओं का सीधा फायदा जमीन पर काम करने वाले असली किसानों तक पहुंचे। इसी वजह से इस बार गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी योजना से जोड़ा गया है। पपीते की खेती के लिए जमीन का एकरारनामा जमा करने पर बटाईदार किसान भी सब्सिडी के हकदार होंगे। इसके अलावा, योजना में कम से कम 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी तय करने का लक्ष्य रखा गया है। किसान कम से कम 0.25 एकड़ और अधिकतम 10 एकड़ जमीन पर खेती के लिए आवेदन कर सकते हैं। सरकार की ओर से दी जाने वाली अनुदान राशि किसानों के खाते में दो किस्तों में 65 और 35 के अनुपात में भेजी जाएगी।
नींबू और अमरूद की खेती पर खास जोर, तय हुए नए लक्ष्य
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न फलों की खेती का क्षेत्रफल तय कर दिया है। इसके तहत सबसे ज्यादा 210 हेक्टेयर में नींबू और 190 हेक्टेयर में अमरूद के बाग लगाने का लक्ष्य है। इसके अलावा 50 हेक्टेयर में आंवला, 30 हेक्टेयर में एप्पल बेर और 10 हेक्टेयर में अनार की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2025-26 में पपीते की खेती के लिए 40 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया था। योजना के तहत अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार, पपीता और ड्रैगन फ्रूट के साथ-साथ सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि किसानों को बेहतर उपज और अच्छा बाजार मिल सके।
डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी, 75 प्रतिशत पौधों को बचाना अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण कराना और जरूरी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा। विभाग ने साफ किया है कि आवेदन में किसी भी तरह की गलत जानकारी या दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने पर फॉर्म रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही, बागवानी क्लस्टर को लंबे समय तक सफल बनाए रखने के लिए एक जरूरी शर्त भी रखी गई है। इसके मुताबिक, खेत में लगाए गए कुल पौधों में से कम से कम 75 प्रतिशत पौधों का जीवित रहना अनिवार्य होगा, ताकि किसान पौधों की सही देखभाल करें और ग्रामीण इलाकों में स्वरोजगार के नए रास्ते खुल सकें।
इसे भी पढ़े : बिहार में 10 मीटर तक के मकानों के लिए नक्शे की बाध्यता खत्म, FAR 3.0 से बढ़ेगा निर्माण का दायरा




