अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में मोंथा चक्रवात का असर चुनावी तैयारियों पर दिखने लगा है। पिछले तीन दिनों से पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है और जनसभा स्थल व हेलीपैड भी जलमग्न हो चुके हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश की चेतावनी जारी की है, हालांकि तीन नवंबर के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी अधिकारियों को बारिश के मद्देनजर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
हेलीकॉप्टर उड़ानें प्रभावित
खराब मौसम के कारण कई चुनावी जनसभाएं रद्द हो गई हैं। पिछले तीन दिनों में 23 हेलीकॉप्टर उड़ानें रद्द की गई हैं। खगड़िया में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा भी रद्द करनी पड़ी। दृश्यता कम होने और हेलीपैड जलमग्न होने से स्टार प्रचारक अपने कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
पार्टीगत उड़ान रद्द होने की संख्या
- महागठबंधन : 10 उड़ानें रद्द (राजद-6, कांग्रेस-2, वीआईपी-2)
- एनडीए : 12 उड़ानें रद्द (भाजपा-9, जदयू-3)
इस वजह से सीएम नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, तेजस्वी यादव, चिराग पासवान समेत कई नेताओं की जनसभाएं प्रभावित हुई हैं। गुरुवार को पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के हेलीकॉप्टर को भी इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। मौसम विभाग ने जनता से सावधानी बरतने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : बरसात के सन्नाटे में चली गो’ली, मा’रा गया पत्थर कारोबारी

