अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि हम सभी को अपनी माटी का फर्ज निभाना होगा और उसका कर्ज लौटाना होगा। वे शनिवार को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित 9वें माटी-पूर्वांचल महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। सीएम सम्राट चौधरी ने साफ लफ्जों में कहा कि वे पूर्वांचल को अलग-अलग नजरिए से नहीं, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश की साझी सांस्कृतिक विरासत के रूप में देखते हैं। दोनों राज्यों के पास बड़ी आबादी और मजबूत मानव संसाधन हैं, जो मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को हकीकत में बदलने का काम करेंगे।


नालंदा का ज्ञान और गांधी का सत्य हमारी असली पहचान
मुख्यमंत्री ने बिहार के गौरवशाली अतीत को याद करते हुए कहा कि हमारी माटी ज्ञान, धर्म और चेतना का बड़ा केंद्र रही है। नालंदा विश्वविद्यालय हजारों साल पहले से पूरी दुनिया को राह दिखाता रहा है। यह गुरु गोविंद सिंह जी की पावन जन्मभूमि है, तो भगवान महावीर और भगवान बुद्ध की तपोभूमि भी यही रही है। इतना ही नहीं, चंपारण की इसी धरती ने मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा का दर्जा दिलाया। उन्होंने कहा कि बज्जिका, मगही, मैथिली, भोजपुरी और अंगिका जैसी कई बोलियां मिलकर हमारी संस्कृति को जीवंत बनाती हैं। आज सबसे बड़ी चुनौती यही है कि हम अपने इस समृद्ध इतिहास और जड़ों को नई पीढ़ी तक कैसे पहुंचाएं।

क्लासरूम तक तकनीक, शिक्षा में हो रहे बड़े बदलाव
राज्य में हो रहे बदलावों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ढाई हजार सहायक प्राध्यापकों की बहाली की गई है। इसके अलावा 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों को पूरी तरह आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि बच्चों को डिजिटल और लाइव क्लास की सुविधा मिल सके। छात्रों की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए शुरू किए गए बिहार विद्या साथी ऐप का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इससे दूर-दराज के बच्चों को भी बेहतर अध्ययन सामग्री घर बैठे मिल रही है।

खेल, संगीत और समाज सेवा के दिग्गजों को मिला माटी सम्मान
महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल का नाम रोशन करने वाली कई नामचीन हस्तियों को सम्मानित किया। इनमें प्रख्यात लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सय्यद सबा करीम, पत्रकार श्वेता सिंह, बैंक ऑफ बड़ौदा के एमडी ब्रजेश कुमार सिंह, पटना हाईकोर्ट के पूर्व जज अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ डॉक्टर राजीव रंजन, देहात संस्था के सीईओ शशांक कुमार और भारतीय महिला फुटबॉल टीम की कोच व उपकप्तान मधु कुमारी शामिल रहीं। सीएम ने माटी संस्था के संयोजक आसिफ आज़मी और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी लोककला, खान-पान और प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलता है। कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद जगदम्बिका पाल और मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट का बड़ा फैसला- बिहार में खुलेगी विमेंस यूनिवर्सिटी, 1 करोड़ महिलाओं को सीधे रोजगार

