अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के CEO यानी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम तेज़ी से और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को न्यूनतम दस्तावेज़ देने पड़ें, इसके लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की पैतृक मैपिंग को प्राथमिकता दी जाए।
जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा व प्रशिक्षण
गुरुवार को निर्वाचन सदन से उन्होंने सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और हेल्पडेस्क मैनेजरों के साथ ऑनलाइन समीक्षा सह प्रशिक्षण बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य की गति बढ़ाने के लिए हर स्तर पर समन्वय जरूरी है।
पंचायत और वार्ड स्तर पर लगेंगे विशेष कैंप
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्रामीण इलाकों में हर पंचायत स्तर पर और शहरी क्षेत्रों में हर वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। इन कैंपों में संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की उपस्थिति अनिवार्य होगी। बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि 2003 की सूची से लेकर वर्तमान मतदाता सूची तक के मतदाताओं की भौतिक सत्यापन और श्रेणीवार मैपिंग पूरी करें।
डिजिटल डेटा से होगी त्रुटिहीन मतदाता सूची
रवि कुमार ने कहा कि सभी सत्यापित मतदाताओं का विवरण बीएलओ ऐप पर 100% दर्ज किया जाए ताकि डिजिटल मैपिंग से सटीक डेटा तैयार हो सके। इससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।
हाई-स्पीड इंटरनेट और ऑपरेटरों की व्यवस्था पर जोर
उन्होंने सभी जिलों को निर्देश दिया कि कैंप स्थलों पर हाई-स्पीड इंटरनेट और पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर ऑपरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया की सफलता के लिए बेहद अहम है।
“बुक ए कॉल विथ बीएलओ” सुविधा पर सख़्ती
सीईओ ने ECINET प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध “बुक ए कॉल विथ बीएलओ” सुविधा की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयोग ने मतदाताओं को ऑनलाइन माध्यम से अपने बीएलओ से सीधे जुड़ने की सुविधा दी है, लेकिन कई जिलों में इस पर रिस्पॉन्स कम मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस सुविधा का प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए और प्राप्त सभी कॉल्स का समय पर जवाब देकर मामलों का निपटारा किया जाए।
समीक्षा बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार समेत सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और हेल्पडेस्क मैनेजर ऑनलाइन शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : जंगल से लौटते कदम… 21 खूंखार हो गये नतमस्तक



