अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में हुए हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नान्टु सैनी उर्फ मन्टु सैनी उर्फ बंगाली को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर मानगो इलाके से दबोचा गया। बताया जाता है कि मार्च 2021 में आपसी विवाद के दौरान हत्या की यह घटना हुई थी। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी नान्टु सैनी फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
पहचान छिपाकर बदलता रहा ठिकाना
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपनी पहचान बदल ली थी। वह अलग-अलग राज्यों में ठिकाना बदलकर रह रहा था। इतना ही नहीं, उसने अपना पुराना घर भी छोड़ दिया था और परिवार को भी कहीं और शिफ्ट कर दिया था, ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके।
तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
पुलिस पिछले काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी। खासकर पिछले डेढ़ साल से तकनीकी सेल की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मानगो थाना क्षेत्र के सिटी इन होटल के आसपास देखा गया है।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा और मानगो थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और 25 मार्च की रात आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विशेष टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन के लिए सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने बिना किसी हंगामे के सूझबूझ और रणनीति के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि इस मामले में एक अन्य सह-आरोपी राजकुमार सैनी को घटना के समय ही हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने पत्नी कल्पना संग तपोवन मंदिर में की पूजा, बोले- राम के आदर्शों…



