अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में मंगलवार भोरे-भोर पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच एनकाउंटर हो गया। टंडवा-पिपरवार मुख्य मार्ग के पास बसरिया के घने जंगल में हुई इस एनकाउंटर में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। घायल अपराधी की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जंगल में अपराधियों के जुटने की मिली थी सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सक्रिय सदस्य बसरिया जंगल में जमा हुए हैं। बताया गया कि ये लोग किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम को सक्रिय किया गया। टीम ने जंगल की घेराबंदी कर आसपास के इलाकों में सघन तलाशी शुरू की। पुलिस टीम जंगल के अंदर आगे बढ़ रही थी, तभी अपराधियों को इसकी भनक लग गई। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिसकर्मियों ने भी मोर्चा संभाल लिया और जवाबी फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में विकास कुमार घायल, बाकी भाग निकले
दोनों ओर से हुई गोलीबारी के दौरान राहुल दुबे गैंग का एक अपराधी विकास कुमार गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के बीच दूसरे अपराधी घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। घायल विकास कुमार को पुलिस तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस उसकी निगरानी में इलाज करा रही है।
फरार अपराधियों की तलाश में जंगल में सर्च अभियान तेज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। जंगल के अलग-अलग हिस्सों में सर्च और कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और आसपास के रास्तों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि फरार अपराधी जंगल में ही किसी सुरक्षित जगह पर छिपे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए आसपास के इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जंगल में जुटे अपराधी किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे और उनके साथ कितने लोग मौजूद थे। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
इसे भी पढ़ें : हाथियों का रास्ता नहीं रोकेंगे, कॉरिडोर की होगी बारीकी से मैपिंग : सीएम हेमंत



