अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : जमीन के लफड़े में भुरकुंडा साइडिंग का इलाका बुधवार को जंग का मैदान बन गया। अधिवक्ता धनंजय यादव के निजी कार्यालय में ताला जड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। भदानीनगर ओपी क्षेत्र के मतकमा चौक के पास हुए इस बवाल में दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी भी हुई। इस हिंसक झड़प में डेढ़ दर्जन के करीब लोग लहूलुहान हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कार्यालय में ताला लगाने को लेकर भड़का जमीन विवाद
जानकारी के मुताबिक मतकमा चौक स्थित धनंजय यादव के दफ्तर में ताला लगाने की बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस पूरे झगड़े की असल वजह पुरानी जमीन का विवाद बताया जा रहा है। इसी जमीन के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर पहले दोनों गुटों में तीखी नोकझोंक शुरू हुई। देखते ही देखते मामूली बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लोगों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। अचानक भड़की इस हिंसा से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में डेढ़ दर्जन लोग हुए घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने हाथ में जो आया उसी से वार करना शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से पिटाई के साथ-साथ एक-दूसरे पर जमकर पत्थर भी फेंके गए, जिसमें कई लोगों के सिर फट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में महावीर प्रसाद यादव, रितिक कुमार, शिवनारायण यादव, महेश यादव, अनिल यादव, महावीर प्रसाद, कमलेश यादव, धनंजय प्रसाद, किशोर यादव, हरिसब रंजन, दिनेश यादव, रणजीत सिंह, प्रभात यादव, शुभम यादव, कौशल कुमार यादव, राजू कुमार यादव और भोला गोप का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
इलाके में तनाव, पुलिस जांच पर टिकी नजरें
भुरकुंडा साइडिंग में दिनदहाड़े हुए इस खूनी टकराव ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े बवाल और दर्जनों लोगों के घायल होने के बावजूद खबर लिखें जानें तक किसी भी पक्ष ने भदानीनगर ओपी में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
इसे भी पढ़ें : उधार के लफड़े में बिछाई मौत की बिसात, घर की दहलीज पर मारी गोली, छह संदेही सलाखों के पीछे




