अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा के आनंदपुर थाना क्षेत्र के रोबोकेरा गांव में बीती रात उस वक्त तहलका मच गया, जब सड़क निर्माण का काम कर रही वैष्णवी कंपनी के साइट पर हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। पहले ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, फिर मशीनों और निर्माण सामग्री में आग लगा दी गई। पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया और देखते ही देखते इलाके के लोग दहशत में आ गये। घटना के बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप है और मजदूरों में खौफ साफ दिख रहा है।
पहले फायरिंग, फिर तोड़फोड़ और आगजनी
मिली जानकारी के मुताबिक देर रात कुछ हथियारबंद लोग अचानक निर्माण स्थल पर पहुंचे। आते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही वहां काम कर रहे मजदूर और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भाग निकले। इसके बाद अपराधियों ने साइट पर खड़ी मशीनों, वाहनों और निर्माण सामग्री में आग लगा दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। ग्रामीणों में भी डर का माहौल बन गया।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल को बुलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कंपनी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल साइट पर काम पूरी तरह बंद है।
राहुल सिंह गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ। यह पोस्ट एक प्रेस रिलीज है, जो कुख्यात राहुल सिंह के खासमखास आजाद सरकार के फेसबुक अकाउंट पर जारी किया गया है। प्रेस रिलीज के जरिये राहुल सिंह गैंग ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। साथ ही एक शख्स के नाम का जिक्र करते हुए खुली धमकी दी है। उसमें लिखा गया है कि यह सिर्फ चेतावनी थी और अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो अगली बार सीधे व्यक्ति को निशाना बनाया जाएगा। यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर खूहृब वायरल हो रहा है। हालांकि इस पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। घटनास्थल से कुछ सबूत जुटाए गए हैं और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : मसौढ़ी एनका’उंटर के बाद कुख्यात राहुल सिंह का पोस्ट वायरल… देखें

