अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड वासियों को अभी कुछ दिन हल्की ठंड का मजा लेने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चार दिनों तक ठंड में नरमी बनी रहेगी, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर जाएगा और ठंड तेज हो जाएगी।
पिछले 24 घंटे में क्या हुआ?
पिछले 24 घंटे में झारखंड के अधिकांश जिलों में तापमान में करीब 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.4°C और न्यूनतम तापमान 11.3°C दर्ज किया गया। राज्य में सबसे ठंडा इलाका गुमला रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान केवल 7.8°C रहा, जबकि कांके में ठंड और ज़्यादा थी और वहाँ न्यूनतम तापमान 7.2°C तक गिर गया।
अगले दिनों का मौसम अनुमान
अगले कुछ दिनों में झारखंड में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रांची में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री तक पहुँच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
सबसे ठंडे जिले (मंगलवार का न्यूनतम तापमान)
मंगलवार को झारखंड के सबसे ठंडे इलाकों में कांके सबसे आगे रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 7.2°C दर्ज किया गया। इसके बाद गुमला में 7.8°C, लातेहार में 9.0°C, खूंटी में 9.4°C, मेदिनीनगर में 9.5°C तथा सिमडेगा और लोहरदगा में 9.6°C न्यूनतम तापमान रहा।
क्यों बढ़ रहा है तापमान?
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर से आने वाली सर्द हवाएं कमजोर पड़ गई हैं। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव के कारण हवा में नमी आई है और हल्के बादल छाए हैं, जिससे दिन में गर्मी और रात में भी थोड़ी राहत महसूस हो रही है। लेकिन यह राहत सिर्फ 4 दिन की है। उसके बाद फिर से ठंडी हवाएं चलेंगी और रात का तापमान तेजी से नीचे आएगा।
इसे भी पढ़ें : JAC ने बढ़ा दी मैट्रिक और इंटर परीक्षा फीस… जानें कितना

