अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता के खिलाफ डीसी दिनेश कुमार यादव ने सख्त रुख अपनाया है। चिनियां अंचल कार्यालय में पदस्थ राजस्व उप निरीक्षक विनोद कुमार रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डीसी की इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
शिकायत से खुला पूरा मामला
बीते दिनों डीसी दिनेश कुमार यादव चिनियां प्रखंड के क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान चिनियां निवासी राकेश यादव ने उनसे मिलकर लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी पैतृक जमीन की रसीद कटवाने के लिए पिछले चार महीनों से हल्का संख्या 06 के राजस्व उप निरीक्षक के पास चक्कर लगा रहे थे। सभी जरूरी कागजात देने के बावजूद रसीद नहीं काटी जा रही थी। आरोप यह भी लगाया गया कि कर्मचारी द्वारा उन्हें धमकाया जा रहा था।
जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
शिकायत मिलते ही डीसी ने मौके पर जांच कराई। जांच के दौरान पाया गया कि राजस्व उप निरीक्षक कार्यालय से गायब थे, जबकि उपस्थिति पंजी और ऑनलाइन पोर्टल पर उन्होंने अपनी हाजिरी दर्ज कर रखी थी। अधिकारियों द्वारा संपर्क करने और संदेश भेजने के बावजूद वे जांच के दौरान उपस्थित नहीं हुए।
डीसी ने जारी किया निलंबन आदेश
डीसी ने इस कृत्य को गंभीर मानते हुए इसे धृष्टता, कर्तव्यहीनता और सरकारी सेवक आचार नियमावली का उल्लंघन बताया। झारखंड सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए राजस्व उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि में नया मुख्यालय
निलंबन की अवधि के दौरान विनोद कुमार रंजन का मुख्यालय अंचल कार्यालय भवनाथपुर निर्धारित किया गया है।
विभागीय कार्रवाई के निर्देश
डीसी ने चिनियाँ अंचल अधिकारी को निर्देश दिया है कि वे आरोपी कर्मचारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर एसडीओ रंका के माध्यम से उपलब्ध कराएं, ताकि विभागीय कार्रवाई शुरू की जा सके।
केवल जीवन निर्वाह भत्ता देय
निलंबन अवधि के दौरान कर्मचारी को नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। यह भत्ता उपस्थिति विवरणी के आधार पर मूल पदस्थापन कार्यालय से देय होगा।
डीसी का सख्त संदेश
डीसी दिनेश कुमार यादव ने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं में अनियमितता, कार्यों में लापरवाही और गलत कार्यशैली किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
इसे भी पढ़ें : रातें रंगीन करने के नाम पर गजब कारनामा, चार सलाखों के पीछे

