अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के 45 घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। CEO यानी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी 300 मतदान केंद्रों पर समय पर वोटिंग पूरी हुई और किसी भी स्थान से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
दो नए एफआईआर दर्ज, कुल चार केस हुए
CEO के. रवि कुमार ने कहा कि मंगलवार को आचार संहिता उल्लंघन के दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। एक मामला सोशल मीडिया पर वोट की गोपनीयता भंग करने से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला मतदान के दिन पैसे के साथ घूमने को लेकर दर्ज हुआ। उन्होंने बताया कि ये दोनों केस अलग-अलग दर्ज किए गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि इससे पहले भी दो केस दर्ज हुए थे। एक लाइसेंसी हथियार के साथ चुनाव अवधि में घूमने और दूसरा एआई का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक संदेश फैलाने से संबंधित था। इस तरह अब तक कुल चार केस दर्ज हो चुके हैं।
तीन पोलिंग पार्टी बुधवार को लौटेंगी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि केवल तीन पोलिंग स्टेशन की टीम बुधवार सुबह लौटेगी क्योंकि ये केंद्र दुर्गम इलाकों में हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग से पहले ही अनुमति ली गई थी। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशियों को इसकी जानकारी दे दी गई है।
14 नवंबर को होगी मतगणना
के. रवि कुमार ने बताया कि शाम पांच बजे तक मतदान प्रतिशत 73.88 रहा। अंतिम आंकड़े क्लोजिंग पोल और स्क्रूटनी के बाद तय किए जाएंगे। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। इस मौके पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : साइबर क्राइम को लेकर सख्त हुए IG मनोज कौशिक, दे गये कड़े निर्देश

