अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Purnia : बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा शुक्रवार को पूर्णिया में आयोजित जनता दरबार के दौरान बेहद सख्त नजर आए। आम लोगों की शिकायतें सुनते समय जब भ्रष्टाचार और पुलिस की लापरवाही के मामले सामने आए, तो उनका तेवर बदल गया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों का पीछा वह श्मशान तक करेंगे और जनता को तमाशा बनने नहीं दिया जाएगा।
विधवा महिला की आपबीती ने किया भावुक
जनता दरबार में उस समय माहौल भावुक हो गया, जब बीबी नासरीन बानो नाम की एक विधवा मुस्लिम महिला अपने छोटे बच्चों के साथ फरियाद लेकर पहुंचीं। उन्होंने रोते हुए बताया कि पति की मौत के बाद दबंगों ने उनकी जमीन के फर्जी कागजात बना लिए। जब उन्होंने विरोध किया, तो उल्टा उनके खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इस पर डिप्टी सीएम ने तत्काल जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को महिला को न्याय दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी लापरवाही हो, तो पीड़िता सीधे उन्हें फोन करे।
बुजुर्ग महिला की जमीन पर कब्जे का मामला
इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जांच अधिकारी की सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि अधिकारी जनता की मदद के लिए होते हैं, उन्हें परेशान करने के लिए नहीं। उन्होंने अंचलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर मामले का निष्पादन करने और पुलिस अधीक्षक को महिला को कब्जा दिलाने का आदेश दिया।
35 साल पुरानी जमीन पर निर्माण रोकने का आरोप
एक अन्य पीड़ित ने बताया कि पुलिस उसकी 35 साल पुरानी पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण से रोक रही है और जेल भेजने की धमकी दे रही है। पीड़ित ने यह भी कहा कि इस विवाद के तनाव में उसके पिता की मौत हो गई। इस शिकायत पर भी उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीरता से जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
थानेदारों को दो टूक चेतावनी
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने थानेदारों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर किसी शरीफ नागरिक को बेवजह परेशान किया गया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चाहे कहीं भी तबादला हो जाए या सेवानिवृत्ति हो जाए, जनता के साथ अन्याय किया गया तो उसका पीछा नहीं छोड़ा जाएगा। भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : 26 वार, टूटा बेलन और सिलबट्टा, मां की हैवानियत भूल नहीं पायेगा मासूम



