अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सितंबर की शुरुआत झारखंड में बारिश के साथ हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर मंगलवार यानी 1 सितंबर को भी राज्य में साफ दिखाई देगा। रांची समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज और वज्रपात के साथ तेज हवा चल सकती है।
हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में बारिश के साथ मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। खासकर खुले इलाकों और खेतों में काम करने वाले लोगों को वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।
रांची में सुबह से बादल, दिनभर बारिश की संभावना
राजधानी रांची में सोमवार से ही मौसम बदला हुआ है। सुबह से बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सोमवार को रांची में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी, गंगा के पश्चिमी बंगाल और उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव के कारण झारखंड के वातावरण में नमी लगातार पहुंच रही है। इसी वजह से बारिश के लिए अनुकूल स्थिति बनी हुई है। राजधानी और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बीच-बीच में बारिश हो सकती है।
सोमवार को राज्य में सबसे ज्यादा बारिश बोकारो में 80 मिमी दर्ज की गई। वहीं पिछले 24 घंटे में लातेहार के महुआडांड़ में 171 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जो राज्य में सबसे अधिक रही।
2 सितंबर से पश्चिमी जिलों में सिमटेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार को राज्य के बड़े हिस्से में बारिश का असर रहेगा, लेकिन 2 सितंबर से सिस्टम का प्रभाव धीरे-धीरे पश्चिमी झारखंड तक सीमित होने लगेगा। बुधवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में येलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में भी गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है और मौसम सामान्य होने लगेगा। हालांकि मानसून की मौजूदा सक्रियता से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की स्थिति में सुधार हुआ है।
रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में अब तक सामान्य से अधिक बारिश हुई है। दूसरी ओर बोकारो में सामान्य से 52 प्रतिशत कम, देवघर और कोडरमा में 41 प्रतिशत कम, गढ़वा में 39 प्रतिशत कम, चतरा में 37 प्रतिशत कम और गिरिडीह में 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मानसूनी गर्त और चक्रवाती परिसंचरण के कारण वातावरण में लगातार पर्याप्त नमी पहुंच रही है। इसी वजह से झारखंड में रुक-रुककर बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में भी कुछ इलाकों में यह स्थिति बनी रह सकती है।
इसे भी पढ़ें : अलविदा कहते छलके आंसू, सीसीएल ने 132 कर्मियों की निष्ठा को किया सलाम

