अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : JSSC CGL 2023 परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में आखिरकार CID को बड़ी कामयाबी मिल गई है। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा अनीश कुमार पटना से पकड़ा गया है। वह लंबे समय से फरार था और जांच एजेंसी लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
लंबे समय से फरार था अनीश
सीआईडी के अधिकारियों के मुताबिक, अनीश कुमार पिछले कई महीनों से पकड़ से बाहर था। टीम को इनपुट मिला कि वह पटना में छिपा हुआ है। इसके बाद वहां दबिश दी गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे झारखंड लाने की तैयारी की जा रही है। जांच टीम का कहना है कि अनीश की गिरफ्तारी से केस में बड़ी कड़ी हाथ लगी है।
पेपर लीक गिरोह का मास्टरमाइंड!
CID को शक है कि अनीश ही इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का मुख्य दिमाग था। आरोप है कि उसने ही प्रश्नपत्र लीक कराने और कुछ अभ्यर्थियों तक उसे पहुंचाने की साजिश रची थी। शुरुआती जांच में उसके कई संदिग्ध लोगों से संपर्क के सुराग भी मिले हैं। अधिकारियों का मानना है कि वही गिरोह को जोड़कर चला रहा था और पैसे के लेनदेन में भी उसकी अहम भूमिका थी।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
CID अब अनीश को रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है। उम्मीद है कि उससे पूछताछ के दौरान कई और नाम सामने आ सकते हैं। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि पेपर आखिर लीक कैसे हुआ, किस स्तर पर गड़बड़ी हुई और इसमें कितने लोग शामिल थे। अब तक इस मामले में एक दर्जन से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। लेकिन अनीश की गिरफ्तारी को सबसे अहम माना जा रहा है।
पहले भी उठे थे सवाल
गौरतलब है कि JSSC CGL 2023 परीक्षा के बाद ही गड़बड़ी की बातें सामने आने लगी थीं। कई अभ्यर्थियों ने पेपर लीक का आरोप लगाया था। सोशल मीडिया पर भी सवाल उठे और बाद में सड़कों पर प्रदर्शन तक हुए। छात्रों ने निष्पक्ष जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने जांच सीआईडी को सौंप दी थी।
अभ्यर्थियों की नजर अब जांच पर
अनीश की गिरफ्तारी के बाद अभ्यर्थियों में फिर से उम्मीद जगी है कि सच सामने आएगा। जिन युवाओं ने सालों मेहनत की है, वे चाहते हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। अब देखना होगा कि सीआईडी की पूछताछ में और क्या खुलासे होते हैं और इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक जांच एजेंसी कब तक पहुंच पाती है।
इसे भी पढ़ें : विनय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, जेल से बाहर आए नेक्सजेन के मालिक

