अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Khagaria : बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने वाले बदमाशों को पुलिस ने करारा सबक सिखाया है। पुलिस ने न सिर्फ वारदात के मुख्य आरोपी को एक एनकाउंटर के बाद दबोच लिया, बल्कि उसके पास से लूटी गई सरकारी पिस्टल और मोबाइल भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाहन जांच के दौरान पुलिस पर हुआ था हमला
खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि बेलदौर थाना इलाके में कुर्वन भवन के पास पुलिस की एक टीम गाड़ियों की रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच वहां बाइक सवार तीन शातिर अपराधी पहुंचे। जब पुलिस ने उन्हें रोका, तो वे उलझ गए। देखते ही देखते इन बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने एक पुलिसकर्मी को निशाना बनाया और उनसे उनकी सरकारी पिस्टल और मोबाइल फोन छीनकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने तुरंत की घेराबंदी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सरेआम पुलिस टीम पर हमले और हथियार लूट की इस वारदात से महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया और बदमाशों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और टीम ने वारदात में शामिल मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार उर्फ अखिलेश सदा को धर दबोचा। अखिलेश बेलदौर थाने के ही पूरबन (वार्ड नंबर-4) का रहने वाला है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से पुलिसकर्मी से छीनी गई सरकारी पिस्टल और मोबाइल भी मिल गया।
दोबारा भागने की कोशिश, पुलिस ने पैर में मारी गोली
पुलिस जब आरोपी अखिलेश सदा को गिरफ्तार कर ले जा रही थी, तो उसने शातिरपना दिखाते हुए पुलिस हिरासत से भागने और टीम पर दोबारा हमला करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग कर दी। पुलिस की गोली सीधे अखिलेश के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घायल बदमाश को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
बाकी दो बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी
एसपी भानु प्रताप सिंह ने साफ किया है कि इस दुस्साहसिक वारदात में तीन अपराधी शामिल थे। मुख्य आरोपी अखिलेश सदा पुलिस के शिकंजे में आ चुका है, जबकि उसके बाकी दो साथियों की पहचान कर ली गई है। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट की दो टूक- 30 दिन के भीतर शिकायतों का समाधान करें, वरना…

