अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : नगर विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं में अब तेजी लाने पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में मंत्री नीतीश मिश्रा ने साफ कहा कि अब काम सिर्फ कागजों पर नहीं चलेगा, जमीन पर नतीजा दिखना चाहिए। बैठक में अभियंत्रण कोषांग के तहत चल रही सभी योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
एक महीने की कार्ययोजना बनाकर हर हाल में पूरा करें काम
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले एक महीने की स्पष्ट और लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि हर योजना पर समयबद्ध तरीके से काम होना चाहिए और उसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि काम की प्रगति की रिपोर्ट तय समय पर दी जाए, ताकि किसी भी स्तर पर देरी की स्थिति न बने।
अभियंत्रण कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने का आदेश
बैठक में मंत्री ने कहा कि अब सभी अभियंत्रण कार्यों को मिशन मोड में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि योजनाओं को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम की गति तेज करनी होगी, ताकि लोगों को जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
निविदा प्रक्रिया में देरी नहीं चलेगी
मंत्री ने टेंडर और निविदा प्रक्रिया को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाकर तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
शहरी विकास पर सरकार का फोकस
मंत्री ने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान शहरी क्षेत्रों के विकास पर है। सड़क, नाली, जल निकासी और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए अभियंत्रण कार्यों में तेजी लाना समय की मांग है।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में पटना के प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, अपर सचिव मनोज कुमार, अभियंता प्रमुख सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी अधिकारियों को तय लक्ष्य के अनुसार काम करने के निर्देश दिए गए।
इसे भी पढ़ें : मंत्री नंदकिशोर राम का बड़ा ऐलान- बिहार में पशुपालन बनेगा ग्रामीण विकास की रीढ़

