अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Pakur : पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक हेमलाल मुर्मू और झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने रांची के मोरहाबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर राज्य के युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को विस्तार से रखा और विकास कार्यों को लेकर ठोस मांगें सामने रखीं।
हिरणपुर में महिला महाविद्यालय की मांग
विधायक हेमलाल मुर्मू ने मुख्यमंत्री को बताया कि लिट्टीपाड़ा विधानसभा अंतर्गत हिरणपुर प्रखंड में अब तक महिला महाविद्यालय नहीं है। इसके कारण आसपास की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के इलाकों में जाना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि हिरणपुर में जल्द से जल्द महिला महाविद्यालय का निर्माण कराया जाए, ताकि बेटियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा की सुविधा मिल सके।
बादल चौक से हाथीगढ़ तक बायपास सड़क का प्रस्ताव
मुलाकात के दौरान लिट्टीपाड़ा प्रखंड के बादल चौक से बिंझा होते हुए हाथीगढ़ पीडब्ल्यूडी सड़क तक बायपास सड़क निर्माण की मांग भी उठाई गई। विधायक ने कहा कि इस सड़क के बन जाने से इलाके में यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या कम होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों को आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।
पाकुड़ में पेयजल संकट का मुद्दा भी उठा
नेताओं ने पाकुड़ जिले में बढ़ती पेयजल समस्या से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कई गांवों में लोगों को साफ पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और जल्द समाधान की बात कही।
मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी।
ये नेता भी रहे मौजूद
इस मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू और हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी भी मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इसे भी पढ़ें : DC-SP की देखरेख में पाकुड़ को मिली नई नगर सरकार, 12 मार्च को ताजपोशी

