अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Nalanda : बिहार के नालंदा जिले में शराब माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने छापेमारी करने पहुंची मद्यनिषेध विभाग की टीम पर सीधी गोली चला दी। इस दुस्साहसिक हमले में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। घटना बीती देर रात की है, जब पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) और स्थानीय उत्पाद पुलिस की संयुक्त टीम शराब की एक बड़ी खेप पकड़ने के लिए जाल बिछाए हुए थी। इस वारदात के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
फ्लाईओवर के पास घेरते ही तस्करों के लाइनर ने चला दी गोली
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के अनुसार, पटना मुख्यालय की ईआईबी को पक्की गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन में शराब की बड़ी खेप लदकर जिले की सीमा में दाखिल हुई है। यह गाड़ी खराट मोड़ के रास्ते तेजी से नालंदा की तरफ आगे बढ़ रही थी। सूचना मिलते ही पटना की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। पावापुरी और सिलाव के बीच हाईवे पर फ्लाईओवर के पास जब पुलिस टीम ने ओवरटेक करके पिकअप को रोकने की कोशिश की, तभी तस्करों के आगे रेकी कर रहे बाइक सवार लाइनर ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे सिपाही अजीत कुमार को लगी और वह वहीं लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई इस गोलीबारी से मची खलबली का फायदा उठाकर तस्कर पिकअप वैन और अपनी गाड़ियों समेत अंधेरे में फरार हो गए।
पावापुरी मेडिकल कॉलेज से किया गया रेफर, पीएमसीएच में तोड़ा दम
गोलीबारी के तुरंत बाद साथी जवानों ने बिना वक्त गंवाए घायल सिपाही अजीत को पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। पटना में डॉक्टरों की टीम ने सिपाही को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान की शहादत की खबर मिलते ही विभाग और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पटना में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।
इलाके में नाकेबंदी, हमलावरों की तलाश में छापेमारी तेज
उत्पाद थानेदार नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई पटना की विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में चल रही थी। सिपाही की हत्या के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग का अमला एक्शन मोड में आ गया है। जिले की तमाम सीमाओं, हाईवे और संपर्क मार्गों पर सख्त नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें हमलावर लाइनर और शराब तस्करों की पहचान के लिए हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और अधिकारियों का दावा है कि कानून हाथ में लेने वाले इस गिरोह को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : फर्जी लेबल, हाथ से बॉटलिंग… 5 नकली मिनरल वाटर प्लांट पर विभाग ने जड़ा ताला


