अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को बक्सर जिले के नवानगर औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। यह क्षेत्र विशेष आर्थिक जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यहां चल रही औद्योगिक इकाइयों की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को विकास कार्य तेज करने का निर्देश दिया।
पेप्सीको प्लांट का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वरुण बेवरेज लिमिटेड के पेप्सीको बॉटलिंग और ड्रिंकिंग वाटर प्लांट का मुआयना किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया और क्वालिटी लैब को नजदीक से देखा। अधिकारियों ने बताया कि यहां पेप्सी, माउंटेन ड्यू, सेवेन अप, स्लाइस, स्टिंग और अन्य पेय पदार्थ तैयार किए जाते हैं।
इथेनॉल प्लांट की स्थिति की समीक्षा
इसके बाद सीएम ने भारत प्लस इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें उपलब्ध भूमि, निवेश, कर्मचारियों की संख्या और बाजार स्थिति की जानकारी दी।
आज बक्सर के नावानगर विशेष औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान औद्योगिक इकाइयों में चल रही उत्पादन गतिविधियों, उद्योग विस्तार की संभावनाओं तथा रोजगार सृजन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
राज्य में उद्योग… pic.twitter.com/4nWYWOatJr
— Nitish Kumar (@NitishKumar) December 8, 2025
कोका कोला प्लांट का दौरा
मुख्यमंत्री ने एसएलएमजी बेवरेज लिमिटेड के कोका कोला और वाटर बॉटलिंग प्लांट का भी भ्रमण किया। उन्होंने पानी शोधन प्रक्रिया और निवेश की स्थिति को देखा। साथ ही स्थानीय लोगों को मिलने वाले रोजगार की स्थिति की जानकारी ली।
प्रस्तावित एसईजेड परियोजना की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने लगभग 125 एकड़ में विकसित किए जा रहे विशेष आर्थिक क्षेत्र की प्रगति भी देखी। यह बिहार का दूसरा बड़ा एसईजेड है, जिसे वाणिज्य मंत्रालय ने अक्टूबर 2024 में मान्यता दी है। उद्योग विभाग ने सड़क, बिजली, जलनिकासी और अन्य सुविधाओं के विकास कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवानगर में पहले से कई उद्योग चल रहे हैं और यहां विस्तार की बड़ी संभावनाएं हैं।
रोजगार अवसर बढ़ाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवानगर को बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बिहार के औद्योगिक विकास को मजबूती मिलेगी।
औद्योगिक क्षेत्र की उपलब्ध सुविधाएं
नवानगर औद्योगिक क्षेत्र में डेडीकेटेड बिजली फीडर, वर्षा जल निकासी, औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन, सोलर स्ट्रीट लाइट, महिला छात्रावास और सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
एसईजेड से निर्यात और रोजगार को बढ़ावा
कुल 439.68 एकड़ क्षेत्र में से 126.51 एकड़ भूमि एसईजेड के लिए चुनी गई है। यहां निर्यात आधारित कंपनियों को भूमि दी जाएगी। इन इकाइयों द्वारा तैयार उत्पाद देश के बाहर और अन्य राज्यों में भेजे जाएंगे, जिससे बिहार की पहचान और मजबूत होगी और रोजगार भी बढ़ेगा।
गंगा पुल का हवाई सर्वेक्षण
निरीक्षण के बाद सीएम ने बक्सर में बने गंगा पुल का हवाई सर्वेक्षण किया। यह पुल बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ता है। नया फोर लेन पुल और पुराना दो लेन पुल क्षेत्र में आवाजाही को आसान बनाते हैं। इससे व्यापार और आर्थिक गतिविधियों में सुधार होगा।
इसे भी पढ़ें : ट्रैफिक सिस्टम पर सर्जिकल स्ट्राइक, सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिया टारगेट



