अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : NIA yani राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने CPI माओवादी से जुड़े एक गंभीर साजिश मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने वर्ष 2021 में दर्ज मामले में फरार चल रहे माओवादी चंदन कुमार को मुंबई से गिरफ्तार किया है। यह मामला मगध जोन में प्रतिबंधित माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की साजिश से जुड़ा है।
मुंबई से गिरफ्तारी, बिहार का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी चंदन कुमार बिहार के जहानाबाद जिले का निवासी है। NIA के अनुसार वह CPI माओवादी का सक्रिय सदस्य था और संगठन के लिए फंड जुटाने का काम करता था। इसके साथ ही वह पुराने माओवादी कैडरों को दोबारा संगठन से जोड़ने की कोशिश कर रहा था।
रांची की NIA कोर्ट ने किया था फरार घोषित
NIA ने बताया कि रांची स्थित विशेष अदालत ने चंदन कुमार को पहले ही फरार घोषित कर दिया था। अदालत ने अक्टूबर 2023 में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद से NIA उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
2021 में दर्ज हुआ था मामला
NIA ने यह केस दिसंबर 2021 में स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज किया था। इस मामले में CPI माओवादी के वरिष्ठ सदस्य प्रद्युम्न शर्मा, योगेंद्र रविदास, नागेंद्र गिरी, अभिनव उर्फ गौरव उर्फ बिट्टू और धनंजय पासवान को आरोपी बनाया गया था। इनमें से कोई संगठन का सशस्त्र कैडर था तो कोई हथियार सप्लायर।
फंडिंग, हथियार और IED ट्रेनिंग की योजना
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मगध जोन में संगठन को दोबारा मजबूत करने के लिए हथियार और गोला बारूद जुटाने की योजना बनाई थी। इसके लिए ठेकेदारों से लेवी वसूली और जबरन वसूली के जरिए फंड इकट्ठा किया गया। इस पैसे का इस्तेमाल IED बनाने की ट्रेनिंग और अन्य गतिविधियों के लिए किया जाना था।
जेल में बंद नक्सलियों से संपर्क की साजिश
NIA की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी जेलों में बंद नक्सलियों और ओवर ग्राउंड वर्कर्स से संपर्क करने की योजना बना रहे थे। इसका मकसद भविष्य में आतंकी घटनाओं को अंजाम देना था।
चार्जशीट दाखिल, जांच जारी
NIA इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। चंदन कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। एजेंसी ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है।
इसे भी पढ़ें : सिदपुर का गरम पानी मेला : लोककला और यादों से सजी एक यात्रा

