अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना के सरपेंटाइन रोड स्थित दारोगा प्रसाद राय पथ पर महाराष्ट्र मंडल की ओर से आयोजित गणेशोत्सव में सोमवार को सीएम सम्राट चौधरी शामिल हुए। पंडाल में पहुंचते ही आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सीएम ने भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा के सामने माथा टेका और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाआरती में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बप्पा से पूरे बिहार में अमन-चैन, खुशहाली और प्रदेश की निरंतर तरक्की की प्रार्थना की।
पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सीएम का जोरदार स्वागत
कार्यक्रम में पहुंचे सीएम को महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति और परंपरा के अनुसार सम्मानित किया गया। मंडल के वरिष्ठ सदस्यों ने सीएम सम्राट चौधरी को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट किया। इसके बाद उन्हें पारंपरिक मराठी पगड़ी पहनाई गई और स्मृति चिह्न देकर उनका अभिनंदन किया गया। सीएम ने इतने भव्य और अनुशासित आयोजन के लिए महाराष्ट्र मंडल के सभी सदस्यों और आयोजकों की जमकर तारीफ की और उन्हें इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।


बप्पा से मांगी राज्य के विकास और जनता की खुशहाली की मन्नत
गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सीएम ने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश सभी के जीवन से कष्टों को दूर करें। हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और सफलता का वास हो। उन्होंने कहा कि बप्पा के आशीर्वाद से बिहार विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़े और हर नागरिक का जीवन खुशहाल बने। सीएम के संबोधन के दौरान पूरा पंडाल गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा।

कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु रहे मौजूद
इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रशासनिक महकमे के कई बड़े चेहरे भी पंडाल में नजर आए। सीएम के साथ सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ. नीलेश रामचंद्र देवरे, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक और सीएम सचिवालय के संयुक्त सचिव श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा शहर के कई गणमान्य लोग, महाराष्ट्र मंडल से जुड़े परिवार और भारी संख्या में श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए। आरती के बाद सभी भक्तों के बीच मोदक और महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इसे भी पढ़ें : पटना में होगा दिग्गज साहित्यकारों का जुटान, सीएम ने किया साहित्य समागम का ऐलान

