अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के राहे थाना क्षेत्र में हुए चर्चित कंचन महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या के मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की पूछताछ में जो कहानी सामने आई है, उसके मुताबिक आरोपी पहले से लूट की योजना बना रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। गुस्से में आकर आरोपियों ने फरसा से हमला कर कंचन महतो की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। इस बात का खुलासा रांची के रूरल एसपी गौरव गोस्वामी ने मीडिया के सामने किया है।
एसपी गौरव गस्वामी ने मीडिया को बताया कि यह मामला बीते 4 अगस्त का है। उस दिन राहे थाना क्षेत्र के पारमडीह ढुंगरीटोला स्थित सुनसान इलाके में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राहे थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मृतक की पहचान के बाद पुलिस ने जोड़े सुराग
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रूरल एसपी गौरव गोस्वामी के मार्गदर्शन में बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ की तो मृतक की पहचान सिल्ली थाना क्षेत्र के गोढ़ा गांव निवासी कंचन महतो के रूप में हुई। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोमदा निवासी 19 वर्षीय रमन दास उर्फ रामदूत, राहे निवासी 20 वर्षीय फागु तेली और राहे निवासी 19 वर्षीय षष्टी कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, बोले… पैसों की तंगी थी, गुस्से में कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पैसों की तंगी से परेशान थे और लूटपाट की योजना बना रहे थे। घटना वाले दिन तीनों नशा भी कर रहे थे। इसी दौरान कंचन महतो वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। आरोपियों का कहना है कि इसी बात पर उनका गुस्सा भड़क गया। इसके बाद रमन दास उर्फ रामदूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरसा से कई वार किए, जिससे कंचन महतो की मौके पर ही मौत हो गई। एसपी का कहना है कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस पूरे मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
इस कांड का खुलासा करने में बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश, बुंडू थानेदार इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो, राहे थानेदार अभिषेक कुमार, सोनाहातू थानेदार प्रेम प्रदीप, दशमफॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार और तकनिकी शाखा के एएसआई बलेन्द्र कुमार सिंह की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : झोपड़ी में पुलिस ने मारी रेड तो रह गयी दंग… जानें क्यों











