अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की जान चली गई। हादसा नेशनल हाईवे पर उस वक्त हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रक में जा घुसी कार
मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना जमशेदपुर के मरीन ड्राइव इलाके में एनएच पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान आ रही कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इस भीषण भिड़ंत में कार सवार चार लोगों की जान चली गई, जिनमें मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं।
मंत्री इरफान अंसारी ने दी जानकारी, जताया गहरा शोक
इस दुखद घटना की जानकारी राज्य के मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने इस हादसे पर गहरा अफसोस जताते हुए लिखा कि इस असहनीय दुःख की घड़ी में वह दीपिका जी और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस भारी संकट को सहने की ताकत दें।
बेहद दुखद एवं हृदयविदारक खबर…
अभी-अभी अत्यंत दुखद सूचना मिली कि आज सुबह जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में हमारी छोटी बहन एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे जी की बेटी का निधन हो गया।
इस असहनीय दुःख की घड़ी में मैं दीपिका जी और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी…
— Dr. Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) September 24, 2026
सीएम हेमंत सोरेन बोले- संतान को खोने का दर्द असहनीय
हादसे की खबर मिलते ही सीएम हेमंत सोरेन ने भी गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद हृदयविदारक है और इससे उनका मन बहुत व्यथित है। उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस कठिन समय में उनकी पूरी संवेदनाएं बहन दीपिका और पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना करते हुए कहा कि मरांग बुरु सभी दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है।
अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और…
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) September 24, 2026
इसे भी पढ़ें : चुनाव आयोग ने अंदरूनी मतभेद की खबरों को नकारा, कहा- सबकी रजामंदी से हुआ हर फैसला


